वीरेंद्र कुमार पालीवाल
भारत और अमेरिका के ऐतिहासिक संबंधों की चर्चा प्रायः लोकतंत्र, विज्ञान, प्रौद्योगिकी या प्रवासी भारतीयों के संदर्भ में होती है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि अमेरिका के समुद्री इतिहास में भी भारत की एक अनूठी छाप आज तक जीवित है. यह कहानी है अमेरिका की लगभग सौ वर्ष पुरानी ऐतिहासिक पाल नौका ‘हिंदू’ (Hindu) की, जिसका नाम भारत से हुए मसाला व्यापार की स्मृति में रखा गया था और जो आज भी समुद्र की लहरों पर इतिहास को जीवंत बनाए हुए है.
सौ वर्ष पहले बनी यह लकड़ी की नौका आज भी न केवल अमेरिका की समुद्री विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, बल्कि भारतीयों के लिए भी गर्व और जिज्ञासा का विषय है. किसी विदेशी देश में भारत से जुड़े नाम वाली नौका का एक शताब्दी तक सुरक्षित रहना अपने आप में अद्भुत है.
एक नाव, जिसने इतिहास को जिया सन् 1925 में अमेरिका के मेन राज्य के ईस्ट बूथबे में प्रसिद्ध नौका डिज़ाइनर विलियम एच. हैंड जूनियर की रूपरेखा पर यह 79 फुट लंबी दो-मस्तूल वाली लकड़ी की शोनर बनाई गई. उस समय इसका नाम ‘प्रिंसेस पैट’ रखा गया था. बाद के वर्षों में इसके कई मालिक बदले और इसके नाम भी बदलते रहे, लेकिन 1938–40 के आसपास इसे एक नया नाम मिला— ‘हिंदू’.
यह नाम किसी धार्मिक कारण से नहीं रखा गया था. उस समय इसके मालिक भारत (हिंदुस्तान) से मसालों का व्यापार करते थे. यह नौका भारत (हिंदुस्तान) से मसालों की खेप लेकर बोस्टन तक समुद्री यात्राएँ करती थी. भारतीय मसालों की सुगंध और व्यापारिक संबंधों की स्मृति में इसका नाम ‘हिंदू’ रख दिया गया. यही नाम बाद में इसकी स्थायी पहचान बन गया.
भारतीय मसालों से अमेरिका तक आज जब भारतीय मसाले पूरी दुनिया में लोकप्रिय हैं, तब यह जानना रोचक है कि लगभग सौ वर्ष पहले यही नौका भारत और अमेरिका के बीच मसालों के समुद्री व्यापार का माध्यम बनी थी. काली मिर्च, इलायची, दालचीनी, लौंग और अन्य बहुमूल्य मसाले उस दौर में केवल स्वाद ही नहीं, बल्कि समृद्धि और वैश्विक व्यापार के प्रतीक माने जाते थे. ‘हिंदू’ इन्हीं बहुमूल्य वस्तुओं को लेकर समुद्र पार करती थी और भारत-अमेरिका के व्यावसायिक संबंधों की एक सशक्त कड़ी बनी.
जब युद्ध ने बदल दिया नौका का स्वरूप द्वितीय विश्व युद्ध छिड़ने पर इस शांत व्यापारी नौका का जीवन पूरी तरह बदल गया. अमेरिकी नौसेना ने इसे अपने नियंत्रण में लेकर पूर्वी तट की सुरक्षा में लगाया. इस पर मशीनगनें स्थापित की गईं, गहराई वाले बम (डेप्थ चार्ज) लगाए गए और इसे जर्मन यू-बोट पनडुब्बियों की निगरानी के लिए समुद्र में तैनात किया गया. कल्पना कीजिए—जो नौका कभी भारतीय मसालों की खुशबू लेकर समुद्र पार करती थी, वही कुछ वर्षों बाद युद्ध के मोर्चे पर किसी राष्ट्र की सुरक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व निभा रही थी.
युद्ध के बाद पर्यटन की नई शुरुआत द्वितीय विश्व युद्ध समाप्त होने के बाद ‘हिंदू’ फिर नागरिक जीवन में लौट आई. सन् 1947 में यह मैसाचुसेट्स के प्रसिद्ध समुद्री नगर प्रोविंसटाउन पहुँची. यहीं से इसने समुद्री पर्यटन का नया अध्याय शुरू किया. समुद्री इतिहासकार मानते हैं कि प्रोविंसटाउन क्षेत्र में व्हेल देखने (व्हेल वॉचिंग) वाले पर्यटन उद्योग की प्रारंभिक नींव रखने वाली नौकाओं में ‘हिंदू’ का महत्वपूर्ण योगदान रहा. आज यह उद्योग करोड़ों डॉलर का व्यवसाय बन चुका है.
सन् 2020 में लॉन्ग आइलैंड Sound में पानी के भीतर डूबे एक जहाज़ के अवशेष से टकराने के बाद ‘हिंदू’ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई. नौका का ढाँचा टूट गया और तब कई विशेषज्ञों का मानना था कि अब इसे बचाना संभव नहीं होगा. लेकिन इसके वर्तमान मालिक कैप्टन जोश रोवन और उनकी पत्नी कैप्टन एरिन डेसमंड ने हार नहीं मानी. उन्होंने निर्णय लिया कि चाहे जितना समय और धन लगे, इस ऐतिहासिक धरोहर को बचाया जाएगा. 2020 से 2025 तक मेन राज्य के एक विशाल खलिहान (बार्न) में इस नौका का व्यापक पुनर्निर्माण किया गया.
इस कार्य में बीस से अधिक प्रकार की लकड़ियों का उपयोग हुआ, जिनमें पर्पल हार्ट, टीक, डगलस फर सहित अनेक दुर्लभ प्रजातियाँ शामिल थीं. सबसे भावनात्मक प्रसंग यह था कि पुनर्निर्माण में प्रयुक्त एक विशाल पेड़ उसी भूमि से लाया गया जहाँ कैप्टन जोश ने अपना बचपन बिताया था. उनके अनुसार यह केवल लकड़ी नहीं, बल्कि उनके जीवन की स्मृतियों का हिस्सा था.
सौ वर्ष पूरे और महिला सशक्तीकरण की नई मिसाल सन् 2025 में ‘हिंदू’ ने अपनी ऐतिहासिक 100वीं वर्षगांठ मनाई एवं इस अवसर पर एक और इतिहास बना. पहली बार इसकी पूरी संचालन टीम महिलाओं की थी और इसकी कमान कैप्टन एरिन डेसमंड ने संभाली. समुद्री क्षेत्र, जिसे लंबे समय तक पुरुष-प्रधान माना जाता रहा, वहाँ यह उपलब्धि समान अवसर और बदलते समय का प्रेरक उदाहरण बन गई.
‘सेल ऐज़ यू आर’ समावेशिता का संदेश ‘हिंदू’ केवल एक ऐतिहासिक नौका नहीं, बल्कि एक विचार भी है. इसका संदेश है “Sail As You Are”, अर्थात् “जैसे हैं, वैसे ही आइए.” यह किसी भी जाति, धर्म, भाषा, लिंग, राष्ट्रीयता या विचारधारा के व्यक्ति का समान सम्मान के साथ स्वागत करती है. भारतीय संस्कृति के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ जैसे आदर्शों से यह भावना काफी मेल खाती है.
भारत के लिए क्यों महत्वपूर्ण है ‘हिंदू’? भारतीयों के लिए ‘हिंदू’ केवल एक नौका नहीं, बल्कि इतिहास की एक जीवित स्मृति है. यह हमें याद दिलाती है कि भारत के मसाले केवल रसोई तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने समुद्री व्यापार, वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय संबंधों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. यह नौका भारत-अमेरिका के उन पुराने समुद्री संबंधों की प्रतीक है, जिनकी चर्चा इतिहास की पुस्तकों में बहुत कम मिलती है.
विरासत जिसे अगली पीढ़ियों तक पहुँचाना है कैप्टन जोश रोवन कहते हैं— “यह नौका हमसे कहीं अधिक पुरानी है. हम हर निर्णय इस सोच के साथ लेते हैं कि इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित छोड़कर जाएँ.” यही भावना किसी भी ऐतिहासिक धरोहर की सबसे बड़ी पहचान होती है. आज जब दुनिया अत्याधुनिक तकनीक और विशाल क्रूज़ जहाज़ों की ओर बढ़ रही है, तब लगभग सौ वर्ष पुरानी लकड़ी की यह छोटी-सी नौका हमें इतिहास, समुद्री साहस, व्यापार, युद्ध, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं का अनूठा संगम दिखाती है.
‘हिंदू’ केवल एक जहाज़ नहीं, बल्कि भारत और अमेरिका के बीच समुद्री इतिहास का ऐसा जीवंत अध्याय है, जो समय की हर लहर के साथ और भी अधिक प्रेरणादायक बनता जा रहा है.
लेखक- वीरेंद्र कुमार पालीवाल,बैतूल
मोबाइल- 9425440304 ई-मेल vkprly@gmail.com
(इस लेख/खबर में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी हैं. इससे ‘रेलहंट’ (Rail Hunt) का सहमत होना अनिवार्य या आवश्यक नहीं है.)
- ‘हिंदू’ से सीखें विरासत और धरोहरों को संजोना और सहेजना, भारत से जुड़ी एक अनोखी दास्तां, जाने क्या है मसाला व्यापार में महिला नेतृत्व के सौ वर्षों का रोमांचक सफर - August 2, 2026
- सेवानिवृत्ति के आधार पर मुआवजा कम नहीं होगा, सरकारी कर्मचारियों के लिए मील का पत्थर होगा सुप्रीम कोर्ट का फैसला - August 2, 2026
- रेलवे का फैसला : अगले एक साल तक नहीं बढ़ेंगे दूध परिवहन के दाम, आम जनता को राहत - August 2, 2026

















































































