MUMBAI. पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल अंतर्गत बांद्रा-सांताक्रुज क्षेत्र में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. सीबीआई की एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) टीम ने सांताक्रुज में तैनात वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (SSE/land) आशीष कुमार यादव को 16,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है.
दुकान न तोड़ने के एवज में मांगी थी मंथली
पूरा मामला जोगेश्वरी रेलवे स्टेशन (पूर्व) के पास स्थित एक सैलून की दुकान से जुड़ा है. जोगेश्वरी निवासी शिकायतकर्ता जितेंद्र लक्ष्मणसिंह ठाकुर के अनुसार, करीब दो सप्ताह पूर्व रेलवे अधिकारी आशीष यादव उनकी दुकान पर आया और दुकान को रेलवे की जमीन में बताकर उसे तोड़ने की धमकी दी.
कार्रवाई न करने के बदले अधिकारी ने पहले 20 हजार रुपये की मांग की. बाद में सौदेबाजी के दौरान आरोपी हर महीने 8,000 रुपये की ‘हफ्ता वसूली’ (रिश्वत) पर अड़ गया. आरोपी ने जून और जुलाई दो महीनों के बकाया भुगतान के तौर पर कुल 16,000 रुपये तत्काल देने का दबाव बनाया. पीड़ित दुकानदार रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उसने 21 अगस्त 2026 को सीबीआई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पंच गवाहों की मौजूदगी में बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई के पुलिस निरीक्षक अनूप कुमार मीणा के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की गई. केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग के दो स्वतंत्र पंच गवाहों की मौजूदगी में शिकायत का गुप्त सत्यापन कराया गया. सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज (RC 0262026A0017/2026) कर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया.
16 हजार नगद लेते ही सीबीआई ने दबोचा
योजना के तहत 24 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:45 बजे जैसे ही पीड़ित ने आरोपी SSE आशीष कुमार यादव को 16,000 रुपये की नकद राशि सौंपी, पहले से घात लगाकर बैठी सीबीआई टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा.
घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों ने भी सक्रियता दिखाई. आरपीएफ निरीक्षक आर.के. शर्मा ने सीबीआई अधिकारियों से घटना का ब्योरा लिया, जिसके बाद रात करीब 9:00 बजे सहायक सुरक्षा आयुक्त (मुंबई सेंट्रल) ने खुद मौका-ए-वारदात का निरीक्षण किया. 25 अगस्त को बांद्रा आरपीएफ प्रभारी ने सीबीआई के पुलिस अधीक्षक बी.बी. चक्रवर्ती से मुलाकात कर प्राथमिकी (FIR) की आधिकारिक प्रति प्राप्त की. फिलहाल गिरफ्तार रेल अधिकारी सीबीआई की कस्टडी में है और मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है.
- रेलवे अर्बन बैंक में रोजगार का बड़ा अवसर, शेयरधारकों और स्टाफ के आश्रितों के लिए ग्रुप ‘C’ के 35 पदों पर निकली भर्ती - September 15, 2026
- ECR : दानापुर मंडल का नया कारनामा, LP(P) का प्रमोशन रद्द, कैडर रिव्यू के नाम पर हुआ बड़ा खेल! - September 14, 2026
- ‘ट्रेन लेट हो तो क्या, माल तो टाइम पर पहुंचा!’, जाने …क्या है भारतीय रेलवे का ‘5.4% वृद्धि लोडिंग वाला कमाल’ - September 14, 2026



















































































