- अहमदाबाद – गोरखपुर ट्रेन के फर्स्ट क्लास में रेप का आरोप, देवरिया जीआरपी जांच में जुटी
NDLS. अहमदाबाद से गोरखपुर आ रही गाड़ी संख्या 19489 के फर्स्ट क्लास कोच में एक युवती ने TTE पर यात्रा के दौरान दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद ट्रेन गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पीड़िता ने अपनी आपबीती (जीआरपी) गोरखपुर को बताई. मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी गोरखपुर ने मुकदमा दर्ज कर प्रकरण को देवरिया जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया है.
देवरिया जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जाता है कि मामला दर्ज होने के बाद ट्रेन का TTE फरार है. पीड़िता का आरोप है कि यात्रा के दौरान ड्यूटी पर तैनात टीटी ने उसके साथ जबरदस्ती की. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी. साथ ही संबंधित कोच में यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है.
रानीखेत एक्सप्रेस में TTE ने बच्ची का सुरक्षित किया रेस्क्यू
उधर दूसरी ओर एक अलग घटनाक्रम में जोधपुर-जैसलमेर के बीच चलने वाली रानीखेत एक्सप्रेस में सोमवार की रात TTE ने मानवता की मिशाल पेश की. ट्रेन के टीटीई मनोज सिंह सोलंकी ने लावारिस और असहाय बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू किया. ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस में सोमवार रात जोधपुर से जैसलमेर के बीच टीटीई मनोज सिंह सोलंकी ड्यूटी पर थे.
जब वे जनरल कोच में टिकटों की जांच कर रहे थे, तब उनकी नजर करीब सात वर्षीय एक अबोध बालिका पर पड़ी. वह कोच में बिल्कुल अकेली और बेहद डरी हुई अवस्था में बैठी थी. टीटीई सोलंकी ने तुरंत मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची के पास जाकर उससे पूछताछ की. काफी प्रयास के बाद भी जब यह स्पष्ट हो गया कि ट्रेन में उसके साथ कोई अभिभावक मौजूद नहीं है और वह पोकरण रेलवे स्टेशन के पास से लावारिस स्थिति में सफर कर रही है.
सोलंकी ने मामले की गंभीरता को समझा. उन्होंने बिना देरी किए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर पूरी स्थिति से अवगत कराया. ट्रेन के जैसलमेर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर टीटीई सोलंकी ने बच्ची को सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपुर्द कर दिया. रेलवे प्रशासन और चाइल्ड हेल्पलाइन अब बालिका के परिजनों की तलाश में जुटे हैं, ताकि उसका सुरक्षित पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके.
















































































