CHENNAI. तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले के नागरकोइल रेलवे यार्ड में खड़ी एक खाली ट्रेन के डिब्बे में 54 वर्षीय महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने में मृतका के हाथ में पहनी गई एक सोने की अंगूठी पर बना विशिष्ट ‘सांप का डिजाइन’ और उस पर मौजूद हॉलमार्क का विवरण एक अहम सुराग साबित हुआ. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 6 घंटे के भीतर एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या था पूरा मामला?
13 नवंबर की आधी रात को रेलवे यार्ड में खड़ी एक खाली ट्रेन के डिब्बे में इस वारदात को अंजाम दिया गया. महिला का शव तब बरामद हुआ जब कोच की सफाई की जा रही थी. प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला को हाथ-पैरों से पीटा गया था और छाती पर वार किए गए थे. घटना के समय शव की पहचान के लिए कोई भी दस्तावेज या सुराग मौजूद नहीं था. पुलिस के पास केवल एक ही चीज़ थी, एक सोने की अंगूठी जिस पर सांप की आकृति उकेरी गई थी.
ऐसे सुलझी गुत्थी
रेलवे एसपी (त्रिची) आदर्श पचेरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंगूठी पर मौजूद हॉलमार्क के आधार पर गहन जांच शुरू की. इस हॉलमार्क के माध्यम से पुलिस पहले अंगूठी के गुजरात के निर्माता तक पहुंची, जिसने पुष्टि की कि इसे छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक रिटेलर को बेचा गया था. इस महत्वपूर्ण सुराग ने पुलिस को मृतका के पैन (PAN) कार्ड विवरण तक पहुंचने में मदद मिली, जिसके जरिए उसके मध्य प्रदेश के पते का पता चला. इस तरह पुलिस उसके परिजनों तक पहुंचने में कामयाब रही. मृतका के पति और बच्चे अब कन्याकुमारी के रास्ते में हैं.
6 घंटे में खुलासा और संदिग्ध की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने छह घंटे के भीतर संदिग्ध को पकड़ लिया. जांच टीम ने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति को ट्रेन के एक कोच से बाहर निकलते हुए देखा गया. पूछताछ के दौरान, संदिग्ध ने अपना अपराध कबूल कर लिया. उसने बताया कि वह एक भिखारी था जो रेलवे स्टेशन के आस-पास घूमता रहता था और पहले भी उसकी महिला से मुलाकात हुई थी. संदिग्ध के अनुसार, वह महिला को ट्रेन के एक डिब्बे में ले गया, जहां उसने महिला से ज़बरदस्ती की, यौन उत्पीड़न किया और फिर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने संदिग्ध की खून से सनी टी-शर्ट भी बरामद की है, जिसे उसने एक कचरे के डिब्बे में फेंक दिया था. इस मामले में किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं किया गया है.


