NEW DELHI. 26 दिसंबर 2025 से रेल किराए में बढ़ोतरी की तैयारी है. हालांकि उपनगरीय रेल सेवाओं और मासिक सीजन टिकट के किराए में कोई बदलाव नहीं होगा. यही नहीं 215 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले साधारण श्रेणी के यात्रियों पर काेई अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा. जबकि 215 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा करने वाले साधारण श्रेणी में प्रति किलोमीटर 1 पैसे की वृद्धि की गई है, जबकि मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी और एसी श्रेणी में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है.
रेलवे सूत्रों का कहना है कि इस बढ़ोतरी का प्रभाव प्रभाव यात्रियों पर मामूली होगा. उदाहरण से समझा जा सकता है कि 500 किलोमीटर की नॉन-एसी यात्रा पर केवल 10 रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा. रेलवे किराये की बढ़ोतरी से चालू वित्तीय वर्ष में 600 करोड़ रुपये कमाई करने की योजना बना चुका है.
रेलवे के अनुसार पिछले एक दशक में नेटवर्क और ट्रेन सेवाओं के विस्तार के अलावा सुरक्षा और मानव संसाधन पर खर्च बढ़ा है. पेंशन पर 60 हजार करोड़ रुपये रेलवे खर्च कर रही है. हालांकि किराया बढ़ोतरी में यात्रियों पर न्यूनतम असर डालने का प्रयास किया गया है. उधर कांग्रेस ने केंद्र सरकार द्वारा 26 दिसंबर से रेलवे यात्री किराए में की गई बढ़ोतरी की कड़ी निंदा की है. कांग्रेस का आरोप है कि बजट से कुछ हफ्ते पहले किराया बढ़ाने का फैसला गलत है और इसे चुपचाप, अनाधिकृत तरीके से सर्कुलेट किया गया.
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि आज सुबह सरकार की ओर से पत्रकारों को इस संबंध में एक नोट बांटा गया. बजट से पहले रेलवे का भाड़ा बढ़ाना अपने आप में गलत है और इस तरह बिना आधिकारिक घोषणा के जानकारी सर्कुलेट करना मोदी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है.
उल्लेखनीय है कि रेलवे ने 26 दिसंबर से यात्री किराए में मामूली बढ़ोतरी की है. नई व्यवस्था के तहत 500 किलोमीटर तक की नॉन एसी में यात्रा पर यात्रियों को 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे. रेलवे का तर्क है कि पिछले 1 साल में ऑपरेशन लागत में ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया.
साल में दूसरी बार बढ़ाया किराया इससे पहले इसी साल 1 जुलाई को सरकार ने रेल किराए में बढ़ोतरी की थी. तब नॉन-एसी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और एसी क्लास के किराए में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की थी. वहीं इससे पहले 2020 में यात्री किराया बढ़ाया था.
यहां देखें रेलवे की किराया सूची




















































































