रेलवे में सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप डी लेवल-1 भर्ती परीक्षा (CEN 09/2025) का कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) रिजल्ट आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है. इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से देश भर के विभिन्न रेलवे जोन में कुल 22,195 रिक्त पदों को भरा जाना है.
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब अपने संबंधित क्षेत्रीय रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करके रिजल्ट की पीडीएफ फाइल डाउनलोड कर सकते हैं. इस सूची में उन सभी उम्मीदवारों के रोल नंबर दिए गए हैं, जिन्हें चयन प्रक्रिया के अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए अस्थायी रूप से शॉर्टलिस्ट किया गया है. बोर्ड के नियमानुसार, PET के लिए कुल रिक्तियों की तुलना में लगभग तीन गुना अभ्यर्थियों को बुलाया गया है.
स्कोरकार्ड और महत्वपूर्ण तारीखें
रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, जिन अभ्यर्थियों ने सीबीटी परीक्षा में सफलता हासिल की है, वे 16 नवंबर 2026 से अपना विस्तृत स्कोरकार्ड भी ऑनलाइन चेक कर सकेंगे. परीक्षा का आयोजन इसी साल 3 अगस्त से 25 अगस्त 2026 के बीच किया गया था, जिसके बाद 7 सितंबर को प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई थी और 17 सितंबर तक इस पर आपत्तियां आमंत्रित की गईं थीं.
अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की चुनौती
लिखित परीक्षा में सफलता पाने के बाद उम्मीदवारों के लिए असली चुनौती फिजिकल टेस्ट यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) होगी. इस चरण में अभ्यर्थियों को अपनी शारीरिक क्षमता साबित करनी होगी.
- पुरुष उम्मीदवारों के लिए: उन्हें निर्धारित समय के भीतर दौड़ पूरी करने के साथ-साथ 35 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी तय करनी होगी.
- महिला उम्मीदवारों के लिए: उनके लिए 20 किलोग्राम वजन उठाने का नियम तय किया गया है.
रिजल्ट पीडीएफ में ऐसे चेक करें अपना रोल नंबर
- सबसे पहले अपने क्षेत्रीय RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- होमपेज पर दिए गए ‘CEN 09/2025 RRB Group D CBT Result / PET Shortlist’ लिंक पर क्लिक करें.
- स्क्रीन पर रिजल्ट की पीडीएफ फाइल खुलकर आ जाएगी.
- इसके बाद कीबोर्ड पर Ctrl+F दबाकर अपना 16 अंकों का रोल नंबर दर्ज करें. यदि आपका रोल नंबर सूची में दिखाई देता है, तो आप अगले चरण के लिए योग्य हैं.


