Sri Ganganagar. राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की बड़ी आतंकी साजिश का सुरक्षा एजेंसियों ने पर्दाफाश कर दिया है. राजस्थान और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए पंजाब के सीमावर्ती जिले गुरदासपुर से दो मुख्य आरोपियों को दबोचा है. पकड़े गए संदिग्धों के तार सीधे तौर पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से जुड़े हुए पाए गए हैं.
कलानौर इलाके से हुई गिरफ्तारी
पुलिस जांच के दौरान श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर क्षेत्र स्थित 50 जीबी गांव के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर हुए विस्फोट के सुराग पंजाब के सरहदी इलाकों तक पहुंचे थे. इसके बाद राजस्थान पुलिस के एडीजीपी दिनेश एमएन और वरिष्ठ अधिकारी नितिन चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम पंजाब पहुंची. स्थानीय पुलिस चौकी दोस्तपुर (थाना कलानौर) के सहयोग से की गई छापेमारी में दोस्तपुर निवासी 24 वर्षीय युवती महकप्रीत कौर (पुत्री तरलोक सिंह) और नजदीकी गांव चौड़ां कलां के रहने वाले दविंदर सिंह (पुत्र रविंदर सिंह) को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा, इस नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य संदिग्धों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
हथियारों का जखीरा और नकदी बरामद
गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं. पुलिस को इनके पास से एक विदेशी बेरेटा 9 एमएम पिस्तौल, एक 30 बोर की पिस्तौल और करीब 40 जिंदा कारतूस मिले हैं. इसके साथ ही, साजिश को अंजाम देने के लिए मिली रकम में से 30 हजार रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं.
तीसरी कोशिश में हुआ था धमाका, पाक हैंडलर ने दिए थे पैसे
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी रेलवे ट्रैक को उड़ाने के इरादे से तीन बार राजस्थान गए थे. पहली बार समय पर विस्फोटक सामग्री न मिल पाने के कारण योजना टल गई, जबकि दूसरी बार तकनीकी खामी के चलते वे ब्लास्ट करने में नाकाम रहे. आखिरकार, 3 नवंबर को अपने तीसरे प्रयास में उन्होंने ट्रैक पर विस्फोट को अंजाम दिया.
अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरी वारदात की फंडिंग सीमा पार से हुई थी. पाकिस्तान में मौजूद ‘शाह’ नामक एक हैंडलर ने इस काम के लिए गिरफ्तार युवती के खाते में एक लाख रुपये भेजे थे. फिलहाल, दोनों राज्यों की पुलिस और खुफिया एजेंसियां आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही हैं ताकि इस स्लीपर सेल और पाकिस्तान से जुड़े पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचा जा सके.


