- सीबीआई ने 5 जुलाई को गुंतकल मंडल के डीआरएम विनीत सिंह सहित चार अन्य रेलवे अधिकारियों को किया था गिरफ्तार
NEW DELHI. ऑल इंडिया रेलवेमैन्स फेडरेशन (एआईआरएफ) ने आरोप लगाया कि हाल में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तार रेल अधिकारी अपनी पूर्ववर्ती नियुक्ति के दौरान रेलवे के संसाधनों का दुरुपयोग करके देर रात तक पार्टी करते थे. सीबीआई ने 5 जुलाई को गुंतकल मंडल के रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) विनीत सिंह सहित चार अन्य रेलवे अधिकारियों को कई निविदाएं देने के एवज में कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था.
अपने निजी काम के लिए रेलकर्मियों का इस्तेमाल
एआईआरएफ के महासचिव शिव गोपाल मिश्रा ने आरोप लगाया कि जब सिंह जनवरी से पहले पूर्वी तटीय रेलवे जोन के संबलपुर मंडल में डीआरएम के पद पर तैनात थे, तब देर रात तक चलने वाली पार्टियों के लिए गैंगमैन और रेलवे अनुरक्षक जैसे रेलवे कर्मचारियों का दुरुपयोग करते थे.
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘जिन रेल अनुरक्षकों से रेल पटरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपेक्षा की जाती थी, उन्हें सिंह अपने निजी काम के लिए इस्तेमाल करते थे और रेलवे सुरक्षा के सभी नियमों को ताक पर रख दिया था. वह उनका इस्तेमाल अपनी निजी पार्टियों के लिए बाजार से सामान खरीदने और पार्टियों को अच्छी तरह से आयोजित करने के लिए किया करते थे.
शिकायत पर सिर्फ हुआ तबादला, नहीं बदली हरकतें
मिश्रा ने कहा, ‘ जब एआईआरएफ के सदस्यों ने रेल मंत्रालय से शिकायत की तो उनका तबादला गुंतकल कर दिया गया, लेकिन उन्होंने अपनी हरकतें नहीं बदलीं और सीबीआई के जाल में फंस गए. इस मामले को सुर्खियों में लाने के लिए सीबीआई का बहुत-बहुत धन्यवाद.’ मिश्रा द्वारा रेलवे बोर्ड को ई-मेल कर की गई शिकायत का जवाब नहीं आया है.
रेलवे में भ्रष्टाचार पर अंकुश की व्यवस्था बने
उन्होंने कहा कि रेलवे में भ्रष्टाचार एक व्यापक समस्या बन गई है और मंत्रालय को इस पर अंकुश लगाने के लिए कोई व्यवस्था बनानी चाहिए. मिश्रा ने कहा कि रेलवे ने हाल ही में डीआरएम की वित्तीय शक्तियों में वृद्धि की है, इसलिए उनके वित्तीय निर्णयों और व्यय पर कड़ी निगरानी रखने की तत्काल आवश्यकता है.
महासचिव बोले- ईमानदारी हो सर्वोच्च प्राथमिकता
नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मैन के महासचिव एम राघवैया ने कहा कि रेलवे को डीआरएम की नियुक्ति से पहले ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए.
रेलहंट के TELEGRAME चैनल से जुड़ने के लिए क्लिक करें या QR पर स्कैन करें
- आरा जंक्शन में महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने पर उठ रहे गंभीर सवाल,तकनीकी गड़बड़ी या सुरक्षा से बड़ा खिलवाड़! - September 6, 2026
- RAIPUR: रेलवे टिकट दलाली का हब बना रायपुर, RPF की सीक्रेट स्ट्राइक में पकड़ा गया सिंडिकेट सरगना - September 6, 2026
- उत्तर बंगाल जाने वाली रेल सेवा सामान्य, न्यू फरक्का से ट्रेनों का संचालन शुरू - September 6, 2026






















































































