PATNA. त्योहारों के इस सीजन में भारतीय रेलवे की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि हावड़ा से नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेन (ट्रेन संख्या 04051) अपने निर्धारित समय से करीब 8 घंटे की भारी देरी से चल रही थी.
वायरल वीडियो के आधार पर सामने आया है कि इस ट्रेन में कुछ ऐसे शोकाकुल यात्री भी सफर कर रहे थे जो अपने किसी अपने का शव लेकर गंतव्य की ओर जा रहे थे. (नोट : रेलहंट इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.)
वायरल वीडियो में यात्रियों का फूटा गुस्सा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन के अत्यधिक विलंब से चलने के कारण परेशान और दुखी यात्रियों का सब्र जवाब दे दिया. रेलवे प्रशासन की इस लचर व्यवस्था के खिलाफ आक्रोशित यात्रियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और चालक के कैब के पास खड़े होकर “इंडियन रेलवे हाय-हाय!” के नारे लगाए. यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वायरल वीडियो कब का है.
अपनों के निधन के गम के बीच शव लेकर यात्रा कर रहे परिजनों को इस प्रकार की अमानवीय असुविधा का सामना करना पड़ना सोशल मीडिया पर गहरी चर्चा का विषय बना हुआ है. यात्रियों का कहना है कि लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों की यह लेट-लतीफी शोक संतप्त परिवारों और आम जनता के लिए भारी मानसिक प्रताड़ना बन गई है.
कारीसाथ स्टेशन पर रोके जाने का दावा
वायरल दावों के अनुसार, यह ट्रेन अपनी तय समय-सारणी से काफी पीछे चल रही थी और इसे पूर्व मध्य रेल (ECR) के दानापुर मंडल अंतर्गत कारीसाथ स्टेशन पर घंटों तक रोके जाने की बात सामने आ रही है. हालांकि, इस घटना और वीडियो से जुड़े आधिकारिक बयानों की अभी प्रतीक्षा है.


