- 19 जवानों व अधिकारियों को 2019-20 में बेहतर सेवा के लिए किया गया सम्मानित
चक्रधरपुर. 19 जनवरी को ट्रेन नंबर 02833 अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच से एक मोबाइल चोर को पकड़कर 63 कीमती मोबाइल बरामद करने वाले आरपीएफ की गश्ती टीम को डीजी अवार्ड से सम्मानित किया गया है. आरपीएफ की टीम द्वारा बरामद किये गये मोबाइल की कीमत नौ लाख रुपये थी. मोबाइल चोर पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी मोहम्मद मुर्तजा शेख को टीम ने पकड़ा था. ट्रेन से बड़ी बरामदगी और बड़ी सफलता को लेकर सभी को डीजी अवार्ड से सम्मानित किया गया. चक्रधरपुर के सीनियर कमांडेंट ओंकार सिंह ने यह सम्मान देकर बल के अधिकारी व जवानों की हौसला बढ़ाया.

आरपीएफ के गश्ती दल में शामिल इंस्पेक्टर संजीव कुमार, सब इंस्पेक्टर इंद्रजीत कुमार, कांस्टेबल एसके सैनी, अंकित कुमार, महिला कांस्टेबल संजू कुमारी, ममता धयाल तनुश्री और नेहा को सम्मानित किया गया है. इसके अलावा 19 अधिकारी व जवानों को सालाना परफार्मेंस के लिए भी सम्मानित किया गया है.
भारत से चोरी मोबाइल बांग्लादेश में बेचे जाने का शक
अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी टू कोच के 12 नंबर बर्थ पर यात्रा कर रहे वयक्ति को आरपीएफ की स्काट पार्टी मनोहरपुर स्टेशन के समीप संदिग्ध अवस्था में गेट पर खड़े देखा. संदेह होने पर आरपीएफ ने पूछताछ की. वह गोलमोल जवाब देने लगा. चक्रधरपुर स्टेशन में उसके बैग की तलाशी ली गयी. इसके बाद मोहम्मद मुर्तजा शेख को चक्रधरपुर में उतारा गया और सख्ती से पूछताछ की गयी. बैग की तलाशी में दो बंडल में लपेट कर रखे गए 63 मोबाइल फोन बरामद किये गये. सभी मोबाइल उसने महाराष्ट्र के नागपुर के आसपास के इलाके से चोरी किये थे. वह इन्हें अपने गृह क्षेत्र पश्चिम बंगाल के मालदा ले जा रहा था. जहां वह प्रत्येक मोबाइल को पांच से दस हजार रुपये में बेचता. वह बाहर से मोबाइल चोरी कर मालदा में लाकर बेचने का काम करता था. हालांकि आरपीएफ को शक था कि चोरी के मोबाइल में बड़ा गिरोह काम कर रहा है जो उनकी सप्लाई बंगलादेश तक करता है.
सूचनाओं पर आधारित समाचार में किसी सूचना अथवा टिप्पणी का स्वागत है, आप हमें मेल [email protected] या वाट्सएप 6202266708 पर अपनी प्रतिक्रिया भेज सकते हैं.


