Garhwa/Palamu. पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत बरकाकाना-सोननगर रेलखंड पर मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया. गढ़वा रोड और सिगसिगी रेलवे स्टेशन के बीच सबनवा गांव (ग्रासिम इंडस्ट्रीज) के समीप रिवर्सिबल लाइन पर कोयला लोड मालगाड़ी के 11 डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए. हादसे के बाद डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है, हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है.
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी बरकाकाना से भारी मात्रा में कोयला लादकर सोननगर की दिशा में आगे बढ़ रही थी. जैसे ही ट्रेन गढ़वा रोड पार कर सिगसिगी की ओर बढ़ी, तभी सबनवा गांव के पास डिब्बे अनियंत्रित होकर बेपटरी हो गए. दुर्घटना की खबर मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम में हड़कंप मच गया.
मुख्य लाइन सुरक्षित, एहतियातन परिचालन पर रोक
डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अप और डाउन मुख्य लाइनों को सीधा नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन डाउन लाइन के बेहद करीब मालगाड़ी के कई डिब्बे खतरनाक तरीके से झुके हुए हैं. किसी अन्य ट्रेन से टक्कर की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर फिलहाल डाउन लाइन पर परिचालन रोक दिया गया है.
ट्रैक बहाली और जांच में जुटी टीमें
हादसे के तुरंत बाद रेलवे के वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ, इंजीनियरिंग टीम और राहत वाहन मौके पर पहुंच चुके हैं. ट्रैक से क्षतिग्रस्त डिब्बों व बिखरे कोयले को हटाकर जल्द से जल्द रेल सेवा बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है. इस दुर्घटना से रेलवे को भारी वित्तीय नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है. वहीं, मालगाड़ी के डिब्बे बेपटरी कैसे हुए, इसकी विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
- रेलवे अर्बन बैंक में रोजगार का बड़ा अवसर, शेयरधारकों और स्टाफ के आश्रितों के लिए ग्रुप ‘C’ के 35 पदों पर निकली भर्ती - September 15, 2026
- ECR : दानापुर मंडल का नया कारनामा, LP(P) का प्रमोशन रद्द, कैडर रिव्यू के नाम पर हुआ बड़ा खेल! - September 14, 2026
- ‘ट्रेन लेट हो तो क्या, माल तो टाइम पर पहुंचा!’, जाने …क्या है भारतीय रेलवे का ‘5.4% वृद्धि लोडिंग वाला कमाल’ - September 14, 2026



















































































