Connect with us

Hi, what are you looking for?

Rail Hunt

रेल न्यूज

योगा एक्सप्रेस में खूनी झड़प: दरवाजे पर खड़े होने के विवाद में दिल्ली मेट्रो के सुरक्षा गार्ड की पीट-पीटकर हत्या, 8 गिरफ्तार

फोटो AI जेनरेटेड

NEW DELHI. शाहदरा रेलवे स्टेशन पर योगा एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान दरवाजे पर खड़े होने को लेकर हुआ मामूली विवाद चंद मिनटों में खूनी खेल में बदल गया.

ट्रेन के कोच का रास्ता रोकने को लेकर यात्रियों और दिल्ली मेट्रो के एक सुरक्षा गार्ड के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ी कि गुस्साए यात्रियों ने लात-घूंसों से पीट-पीटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.

इस सनसनीखेज वारदात से रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। रेलवे पुलिस (GRP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्टेशन से 8 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है.

मृतक उत्तर प्रदेश के बागपत का निवासी पंकज

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा निवासी पंकज धामा (35) के रूप में हुई है. वह राजेंद्र धामा के पुत्र थे और खेकड़ा के औरंगाबाद इलाके में जैन इंटर कॉलेज के पीछे अपने परिवार के साथ रहते थे. पंकज दिल्ली मेट्रो के आईपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे.

पुलिस के मुताबिक, पंकज शनिवार सुबह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद अकेले अपने गांव खेकड़ा लौट रहे थे. वह शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर योगा एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के बाद पंकज कोच के दरवाजे पर खड़े हो गए, जिससे अन्य यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में दिक्कत होने लगी.

हमलावरों ने लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा

इसी बात को लेकर पंकज और ट्रेन में सफर कर रहे कुछ यात्रियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ यात्रियों ने पंकज के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा. घटना के दौरान प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई.

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने तुरंत हस्तक्षेप कर पंकज को भीड़ से बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी का फुटेज लिया 

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस, जीआरपी और अन्य जांच एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली.

मामले में पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना (पीएस ओडीआरएस) में एफआईआर संख्या 38/26 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान पता चला कि मारपीट में शामिल संदिग्ध योगा एक्सप्रेस से आगे की यात्रा कर रहे थे. इसके बाद जीआरपी ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए आठ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया.

पकड़े गये सभी संदिग्धों को दिल्ली लाया जा रहा 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों को पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है. फिलहाल उनकी पहचान और घटना में उनकी भूमिका की पुष्टि की जा रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि मारपीट में सभी आठ लोग शामिल थे या कुछ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की थी.

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की भी पुष्टि हो सकेगी.

Railhunt News Desk
Follow Us
Spread the love

अभी अभी

You May Also Like

आरपीएफ-जीआरपी

BHOPAL. जबलपुर सीबीआई की टीम ने गुरुवार देर रात सागर में कार्रवाई करते हुए DyCE-II/Con/WCR को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ...

आरपीएफ-जीआरपी

अवैध वेंडिंग संचालन को लेकर स्थानीय सिंडिकेट के निशाने पर आ गये थे कमलेश समादार ASC/ROU ने रेलवे बोर्ड को भेजी ‘X’ की शिकायत...

न्यूज हंट

S&T कर्मचारियों की एकजुटता रंग लाई! IRSTMU के ‘डिमांड डे’ के बाद रेलवे बोर्ड ने जारी की टेक्नीशियन भर्ती की अधिूसचना  NDLS. भारतीय रेलवे के...

आरपीएफ-जीआरपी

संवेदनशील इलाके में नियम तोड़ अकेले तैनात था जवान राजेश मिश्रा, मौत के बाद सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल Ranchi. रांची के नामकुम...