दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के खड़गपुर मंडल में आरपीएफ (RPF) के इंस्पेक्टरों की पोस्टिंग को लेकर सवाल उठाये जा रहे हैं. आरोप है कि सीनियर कमांडेंट प्रकाश कुमार पंडा ने ट्रांसफर मैनेजमेंट मॉड्यूल (TMM) के पारदर्शी नियमों और तथ्यों से IG व DG कार्यालय को गुमराह कर पोस्टिंग की अनुशंसा की.
KGP/KOLKATA.
दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के खड़गपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के इंस्पेक्टरों की हालिया पदस्थापनाओं को लेकर विभागीय हलकों में तीखी बहस छिड़ गई है. बीते दो माह के भीतर मंडल की दो बेहद अहम और संवेदनशील आरपीएफ पोस्टों पर कथित विवादित छवि वाले दो निरीक्षकों की तैनाती और प्रस्तावित पदस्थापना ने रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों, आरपीएफ नियमों तथा पारदर्शी तबादला तंत्र की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारों के मुताबिक, नियमों की इस कथित अनदेखी से न केवल एक अनुशासित बल की छवि प्रभावित हुई है, बल्कि संस्थागत अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की आशंकाओं को भी हवा मिल रही है.
रेलवे में तबादलों व पदस्थापनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा मनमानी पर रोक लगाने के उद्देश्य से ट्रांसफर मैनेजमेंट मॉड्यूल (TMM) लागू किया गया है. निर्धारित व्यवस्था के तहत किसी भी महत्वपूर्ण पद पर तैनाती से पूर्व पात्र अधिकारियों से विकल्प (ऑप्शन) आमंत्रित किए जाने का प्रावधान है.
हालांकि, खड़गपुर मंडल में इस पूरी प्रक्रिया को कथित तौर पर बायपास किए जाने की चर्चा जोरों पर है. विभागीय सूत्रों का कहना है कि खड़गपुर के सीनियर कमांडेंट प्रकाश कुमार पंडा ने कथित रूप से तथ्यों को छिपाकर आईजी और डीजी कार्यालय को गुमराह किया और एक रणनीति के तहत दो अहम पदों का समीकरण साधा है. चर्चा यह है कि इस कवायद के जरिए नियमों की तय सीमाओं से बाहर निकलकर मनचाही पदस्थापनाओं का रास्ता तैयार किया गया.
सुधीर कुमार को संतरागाछी भेजने पर उठ रहे सवाल
इस घटनाक्रम की पहली कड़ी निरीक्षक सुधीर कुमार की खड़गपुर आर यार्ड (R Yard) से संतरागाछी पोस्ट पर पदस्थापना से जुड़ी है. संतरागाछी का यह पद निवर्तमान प्रभारी भोला सिंह के सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC) पद पर पदोन्नत होने के बाद रिक्त हुआ था. बताया जाता है कि यह तैनाती आईजी और डीजी कार्यालय की स्वीकृति से की गई.

परंतु, जानकारों का दावा है कि इस प्रस्ताव के दौरान यह महत्वपूर्ण तथ्य कथित रूप से सामने नहीं रखा गया या धुंधला रखा गया कि सुधीर कुमार का खड़गपुर आर यार्ड में अभी लगभग डेढ़ वर्ष का कार्यकाल शेष था. सामान्य प्रशासनिक परंपरा के तहत किसी अधिकारी को निर्धारित अवधि से पहले हटाने के लिए ठोस आधार और पारदर्शी कारणों की अपेक्षा की जाती है. ऐसे में कार्यकाल शेष रहते हुए उन्हें संतरागाछी जैसी बड़ी पोस्ट पर अचानक भेजने के औचित्य पर सवाल उठाये जा रहे और इसे संदेहास्पद लेन-देन या मिलीभगत की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है. जानकारों का कहना है कि पोस्टिंग से पहले सुधीर कुमार के बंडामुंडा, मुरी और राउरकेला के कार्यकाल को भी जांच को जोड़कर देखा जाना चाहिए था. (रिपोर्ट जल्द)
शिवलहरी मीना को आर यार्ड का प्रभार और स्थायी पोस्टिंग की अनुशंसा!
मामले का दूसरा पहलू तब और अधिक चर्चा में आया, जब खड़गपुर आर यार्ड (R Yard) में शिवलहरी मीना को प्रभारी के रूप में भेजने का आदेश जारी किया गया. विभागीय जानकारी के अनुसार, शिवलहरी मीना की पदस्थापना फिलहाल ICT/KGP सेल में बताई जा रही है, जो लंबे समय से निष्क्रिय (डिफंक्ट) अवस्था में है और जिसकी नियमित गतिविधियां ठप पड़ी हैं. आरोप है कि बीते कई महीनों से उनसे मुख्यालय में सेवाएं ली जा रही थीं, जबकि उनका वेतनमान ICT सेल से किया जा रहा था.

सूत्रों का कहना है कि शिवलहरी मीना को आर यार्ड का प्रभार सौंपने का जो आदेश सीनियर कमांडेंट कार्यालय से जारी किया गया है उसमें आईजी कार्यालय को सूचना दिए जाने का प्रमाण नहीं है. अब “एक तीर से दो शिकार” करने वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए सुधीर कुमार के मामले की ही तरह कथित रूप से पूरी वस्तुस्थिति स्पष्ट किए बिना शिवलहरी मीना को आर यार्ड में स्थायी पदस्थापना देने की अनुशंसा दक्षिण पूर्व रेलवे के आरपीएफ आईजी कार्यालय को भेजी जा सकती है. जानकारों का कहना है कि एक ही श्रृंखला में सुधीर कुमार को समय से पहले संतरागाछी भेजना और उसके बाद आर यार्ड में शिवलहरी मीना की तैनाती का मार्ग प्रशस्त करना, एक सोचे-समझे तालमेल की ओर संकेत करता है.
विभागीय गलियारों में यह प्रश्न भी प्रमुखता से उठ रहा है कि दोनों निरीक्षकों, सुधीर कुमार और शिवलहरी मीना, से जुड़े पूर्व के कथित गंभीर आरोपों और विवादों की पृष्ठभूमि क्या सीनियर कमांडेंट के संज्ञान में नहीं थी? जानकारों का कहना है कि यदि संवेदनशील पदों पर ऐसे अधिकारियों की तैनाती या अनुशंसा की जाती है जिनका पूर्व रिकॉर्ड विवादित रहा हो, तो इससे अन्य वरिष्ठ, प्रतीक्षारत और स्वच्छ छवि वाले निरीक्षकों के मनोबल पर प्रतिकूल असर पड़ता है.
सीनियर कमांडेंट का कार्यकाल भी चर्चा में
दूसरी ओर, सीनियर कमांडेंट प्रकाश कुमार पंडा के पूर्व कार्यकाल को लेकर भी महकमे में चर्चाएं हो रही हैं. बताया जाता है कि इससे पहले वे पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के दानापुर मंडल में पदस्थापित थे, जहां उनकी कार्यप्रणाली खासी सुर्खियों में रही थी. विभागीय सूत्रों के मुताबिक, आरपीएफ के वर्तमान डीजी जितेंद्र कुमार उस दौर में बिहार की राजधानी पटना में पदस्थ थे, जिससे उन्हें संबंधित कार्यशैली से जुड़ी परिस्थितियों का अंदाजा माना जा रहा है. ऐसे में कई जानकारों का मानना है कि नियमों की कथित मनमानी व्याख्या के जरिए किए जा रहे प्रयासों पर डीजी कार्यालय द्वारा संज्ञान लिए जाने और सख्ती बरतने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
फिलहाल पूरे आरपीएफ महकमे की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि खड़गपुर मंडल में तबादलों और पदस्थापनाओं को लेकर उठ रहे इन गंभीर सवालों पर SER जोनल आईजी तथा रेलवे बोर्ड/डीजी कार्यालय क्या रुख अपनाते हैं. क्या आर यार्ड में शिवलहरी मीना की प्रस्तावित पदस्थापना भी TMM की निर्धारित प्रक्रिया से इतर आगे बढ़ेगी, या फिर उच्च स्तर से पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक जांच कराकर नियमों के अनुरूप पारदर्शी निर्णय लिया जाएगा? क्या रेलमंत्री, रेलवे बोर्ड और डीजी आरपीएफ इस पर संज्ञान लेंगे? जारी ….
रेलहंट का प्रयास है कि सच रेल प्रशासन के सामने आये. ऐसे में अगर किसी को यह लगता है उसकी बात नहीं सुनी जा रही है तो वह अपना पक्ष whatsapp 9905460502 पर भेज सकते है, उसे पूरा स्थान दिया जायेगा.


