PATNA. पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के दानापुर रेल मंडल में RPF इंस्पेक्टर प्रदीप बरनवाल को समस्तीपुर अटैच किए जाने और फिर दानापुर में दोबारा उनकी तैनाती से जुड़े घटनाक्रम ने पूरे महकमे में हलचल मचा दी है. इस पूरे मामले में दानापुर कमांडेंट और आरपीएफ आईजी की भूमिका पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. विभागीय गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि नियमों और प्रक्रियाओं को ताक पर रखकर किस तरह एक इंस्पेक्टर को बचाने व बनाए रखने की बिसात बिछाई गई.
रेलवे बोर्ड गंभीर, मांगी विस्तृत रिपोर्ट
नए डीजी जितेंद्र कुमार की पदस्थापना और विभाग में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की चर्चाओं के बीच दानापुर आरपीएफ में हुए घटनाक्रमों को लेकर रेलवे बोर्ड भी गंभीर दिखाई दे रहा है. सूत्रों के अनुसार, पूरे प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए इंस्पेक्टर प्रदीप बरनवाल से जुड़े मामलों पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है. तमाम आरोपों के बावजूद उन्हें दानापुर में पदस्थापित रखने के लिए अपनाए गए तौर-तरीकों को लेकर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इसके पीछे आरपीएफ आईजी की मंशा क्या है? और क्या रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों को दरकिनार कर डीजी आरपीएफ जितेंद्र कुमार की कार्यशैली को सीधी चुनौती दी जा रही है?
‘पुराने संबंधों’ की चर्चा और इत्मीनान पर सवाल
रेलवे और आरपीएफ के गलियारों में एक चर्चा यह भी जोर पकड़ रही है कि जितेंद्र कुमार बिहार से ही दिल्ली पहुंचे हैं और उनके दिल्ली रवाना होने से पहले ही पटना में यह बात सुर्खियों में थी कि हाजीपुर के वर्तमान आरपीएफ आईजी भावी डीजी के बंगले पर हाजिरी लगा चुके हैं. चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि ECR में कार्यकाल पूरा होने के बाद पूर्व रेलवे या किसी अन्य बेहतर स्थान पर तैनाती को लेकर भी समीकरण साध लिए गए हैं. महकमे में ऐसी बातें तैर रही हैं कि कथित तौर पर पूर्व के संबंधों के भरोसे आईजी इतने निश्चिंत नजर आए कि उन्हें दानापुर में पीके बरनवाल को बनाये रखने को लेकर रेलवे बोर्ड के नियमों व कायदों की परवाह ही नहीं रही.
चंद घंटों का फेरबदल और लुकआउट का खेल
इस घटनाक्रम का एक दिलचस्प पहलू वह भी है जब कागजों पर पीके बरनवाल को दानापुर से समस्तीपुर अटैच दिखाया गया था. उस दौरान तत्काल हरनौत से संजीव कुमार को दानापुर भेजा गया, लेकिन कुछ ही घंटों के भीतर उन्हें हटाकर पाटलीपुत्र के इंस्पेक्टर को लुकआउट (Look After) का प्रभार सौंप दिया गया. इस त्वरित उलटफेर ने विभागीय फैसलों की पारदर्शिता और स्थिरता पर कई सवाल खड़े किए हैं.
बल की शुचिता और डीजी के फैसले पर निगाहें
आरपीएफ महकमे में चर्चा यह तेज है कि अनुशासित बल की स्थापित परंपराओं और नियमों को हाजीपुर मुख्यालय स्तर पर जिस तरह नजरअंदाज किया गया, वैसा उदाहरण अन्य जोन में कम ही देखने को मिलता है. इसे आईजी के बढ़े हुए मनोबल से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसकी चर्चा डीजी जितेंद्र कुमार के पटना से जाने से पहले की मुलाकातों के संदर्भ में हो रही है. अब पूरे महकमे की निगाहें डीजी आरपीएफ जितेंद्र कुमार के अगले कदम पर टिकी हैं.
यह देखना अहम होगा कि बर्नवाल को लेकर हाजीपुर की कथित मेहरबानी के बीच डीजी RPF बल के मानकों और शुचिता को कायम रखने के लिए कोई सख्त फैसला लेते हैं या यह मामला भी फाइलों और कालकोठरी में दबकर रह जाता है.
नोट: यह रिपोर्ट विभागीय चर्चाओं, आरोपों और संबंधित घटनाक्रम की रिपोर्ट पर आधारित है. इनमें लगाए गए दावों व आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है.


