PATNA. पूर्व मध्य रेलवे (ECR) में संवेदनशील पदों पर लंबे कार्यकाल और प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर चर्चाओं के बीच वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (SDGM) पंकज कुमार सिन्हा का स्थानांतरण पश्चिम मध्य रेलवे (West Central Railway) में कर दिया गया है. उन्हें Principal Chief Materials Manager (PCMM) बनाया गया है. यहां वे 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे श्री मनोज कुमार गुप्ता का स्थान लेंगे.
रेलवे बोर्ड के इस आदेश पर कर्मचारियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. रेलकर्मियों का कहना है कि सतर्कता (Vigilance) जैसे संवेदनशील पदों पर किसी भी अधिकारी की लंबे समय तक तैनाती से प्रशासनिक संतुलन प्रभावित होने की आशंका रहती है. इस कदम को संस्थागत निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक सकारात्मक निर्णय के रूप में देखा जा रहा है.
आरोपों में घिरा रहा पंकज कुमार सिन्हा का कार्यकाल
पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के सर्वाधिक संवेदनशील पद पर अपने लंबे कार्यकाल में पारदर्शिता को लेकर वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (SDGM) पंकज कुमार सिन्हा का कार्यकाल काफी विवाद व चर्चाओं में घिरा रहा. इन पर पक्षपात के आरोप भी लगे तो कई गंभीर भ्रष्टाचार के मामलों को दबाने/लटकाने के आरोप भी सामने आये थे.
- कार्यकाल एवं हितों का टकराव: एक ही ज़ोन में लंबे समय तक रहने तथा बाद में सतर्कता विभाग के प्रमुख पद पर तैनात होने से जांच प्रक्रियाओं की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े किए गए.
- कथित वित्तीय अनियमितताएं: जीएम आवास, रेस्ट हाउस नवीनीकरण, फर्नीचर खरीद और निविदा प्रक्रियाओं में निष्पक्ष रिकॉर्ड-आधारित जांच व ऑडिट की मांग की गई है.
- पक्षपात के आरोप: कुछ कर्मचारियों ने भेदभावपूर्ण और चयनात्मक कार्रवाई के आरोप भी लगाए हैं.
रेलकर्मियो का कहना है कि प्रशासनिक स्थानांतरण तो एक नियमित प्रक्रिया है और इससे किसी के ऊपर लगे आरोपों की पुष्टि नहीं होती है. ऐसे में जरूरी है कि बतौर एसडीजीएम रहे पंकज कुमार सिन्हा द्वारा निबटाये गये बड़े जांच-आरोपों की सत्यता सक्षम जांच एजेंसी, साक्ष्यों के सत्यापन के आधार पर करायी जानी चाहिए.



