AGRA. सरस्वती विद्या मंदिर, काछीपुरा में आगरा मंडल का वार्षिक अधिवेशन मंडल कार्यकारी अध्यक्ष हरि बल्लभ दीक्षित की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. अधिवेशन के दौरान सर्वसम्मति से पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर आगरा मंडल की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें हरि बल्लभ दीक्षित को पुनः मंडल अध्यक्ष और उमाशंकर भारद्वाज को मंडल मंत्री चुना गया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह सुनील जी, मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय रेलवे मजदूर संघ (BRMS) के संगठन मंत्री राधाबल्लभ त्रिपाठी और विशिष्ट अतिथि के रूप में जोनल अध्यक्ष हेमंत विश्वकर्मा उपस्थित रहे. नवागत महामंत्री कुंदन कुमार सिंह के प्रथम आगरा आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया. कार्यक्रम का सफल संचालन मंडल मंत्री बंशी बदन झा ने किया.
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सुनील जी ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ (BMS) सर्वधर्म, समभाव और समरसता के सिद्धांत पर कार्य करते हुए राष्ट्र को परम वैभव पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. उत्तर प्रदेश बीएमएस के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राणा ने कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया, वहीं परामर्शदाता राकेश अवस्थी ने श्रमिक गीत प्रस्तुत कर उत्साह का संचार किया.
कर्मचारियों के हित में प्रमुख मांगें:
- आठवां वेतन आयोग व परिवार गणना: मुख्य वक्ता राधाबल्लभ त्रिपाठी ने बताया कि बीएमएस ने सरकार को आठवां वेतन आयोग लागू करने तथा माता-पिता को शामिल करते हुए चार यूनिट परिवार की गणना का सुझाव दिया है, जिससे कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि के साथ-साथ परिजनों को चिकित्सीय एवं पास सुविधाएं मिल सकेंगी.
- PLB बोनस व GIS बीमा में संशोधन: UMRKS महामंत्री कुंदन कुमार सिंह ने मांग उठाई कि पीएलबी बोनस को छठवें वेतन आयोग की जगह वर्तमान न्यूनतम बेसिक के आधार पर दिया जाए और सीलिंग लिमिट ₹21,000 की जाए. उन्होंने जीआईएस (GIS) बीमा राशि को ₹30,000 से बढ़ाकर कम से कम ₹15 लाख करने की मांग की.
- स्थानीय व परिचालन संबंधी मुद्दे: जोनल अध्यक्ष हेमंत विश्वकर्मा ने पदों का सरेंडर रोकने, रिक्त पदों को भरने, ट्रैक मेंटेनरों की पेट्रोलिंग बीट 12 किमी करने, रनिंग स्टाफ के लाइन बॉक्स/हैंडब्रेक मुद्दों के समाधान तथा एसएंडटी व परिचालन कर्मचारियों की 8 घंटे की ड्यूटी सुनिश्चित करने की बात रखी.
नयी कार्यकारणी गठित, मंडल अध्यक्ष हरि बल्लभ, मंडल मंत्री बने उमाशंकर

चुनाव प्रभारी निर्भय सिंह (केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष) ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी की घोषणा की. नयी कार्यकारणी में मंडल अध्यक्ष हरि बल्लभ दीक्षित, मंडल मंत्री उमाशंकर भारद्वाज, कोषाध्यक्ष उदय सिंह मीणा, संगठन मंत्री राजेश कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष जनक सिंह, राजकुमार गौतम, कोमल सिंह, संयुक्त मंडल मंत्री मृदुलता, पवन शर्मा, अरविंद चौहान एवं कार्यसमिति सदस्य में मुकेश कुदेशिया, हेमलता कला, पवन शर्मा, पुष्पेन्द्र सिंह, राहुल शर्मा, संजय बिहारिया, नितिन गोयल, शैलेन्द्र परिहार चुने गए.



