- कंपनी का दावा – जिस उत्पाद को लेकर विवाद हुआ उस बैच की आपूर्ति वंदे भारत ट्रेन के लिए नहीं की गयी
- अमूल ने ऑनबोर्ड वेंडर द्वारा उपयोग किए गए उपकरणों की स्वच्छता को लेकर रेलवे पर भी उठाया सवाल
PATNA. पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गये दही में कीड़ा पनपने की शिकायतों पर प्रमुख डेयरी ब्रांड अमूल ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि उसके किसी उत्पाद में ऐसा होना असंभव है. IRCTC की ओर से मांगें गये जबाव में कंपनी ने स्पष्ट किया कि जिस दही के बैच की शिकायत सामने आयी है, वह उनके अधिकृत वितरण नेटवर्क के माध्यम से संबंधित ट्रेन में सप्लाई ही नहीं की गयी! कंपनी का कहना है कि जिस उत्पाद को लेकर विवाद खड़ा हुआ, वह अमूल की आधिकारिक सप्लाई चेन से जुड़ा नहीं था. अमूल के इस बयान से जांच की पूरी दिशा ही बदलने की संभावना बनने लगी है.
अमूल की ओर से जारी बयान में यह भी कहा गया है कि उसके उत्पाद में इस तरह का संक्रमण होना वैज्ञानिक और संचालन स्तर पर संभव नहीं है. उनका दही ISO-प्रमाणित संयंत्रों में तैयार किया जाता है, जहां सख्त मानकों और निर्धारित प्रक्रियाओं (SOPs) का पालन किया जाता है. वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी दही के भीतर वीविल्स का जीवित रहना या पनपना संभव नहीं है, क्योंकि दही का वातावरण ऑक्सीजन रहित और अम्लीय होता है, जो ऐसे कीड़ों के लिए अनुकूल नहीं होता.
प्रमुख डेयरी ब्रांड अमूल का स्पष्टीकरण

इसके अलावा, दही को लगातार ठंडे तापमान में रखा जाता है, जबकि वीविल्स को पनपने के लिए गर्म और शुष्क वातावरण की आवश्यकता होती है. इस कारण भी दही में इन कीड़ों का होना संभव नहीं माना जा सकता. लगे हाथ कंपनी ने उपभोक्ता द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो के विश्लेषण के आधार पर यह आशंका तक जता दी कि कीड़े संभवतः उस सर्विंग ट्रे से आए होंगे, जिसमें दही कप रखा गया था. यानी यह समस्या उत्पाद की बजाय ऑनबोर्ड वेंडर द्वारा उपयोग किए गए उपकरणों या स्वच्छता से जुड़ी हो सकती है.
हालांकि अमूल की ओर से कहा गया है कि वह जांच में आईआरसीटीसी को पूरा सहयोग कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार पक्ष की पहचान की जा सके. कंपनी ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि गुणवत्ता और सुरक्षा के उच्चतम मानकों का पालन करने के लिए वह प्रतिबद्ध है. लगे हाथ अमूल ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी सवाल या शिकायत के लिए कंपनी के टोल-फ्री नंबर 1800 258 3333 और ईमेल आईडी customercare@amul.coop पर संपर्क कर सकते हैं..
बड़ा सवाल – अमूल दही की आपूर्ति कहां से हुई!, वितरक ने उक्त बैच का माल कहां भेजा था
पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गये दही में कीड़ा पनपने की बात से प्रमुख डेयरी ब्रांड अमूल के इंकार करने के बाद कई सवाल जन्म लेने लगे हैं. अगर दही के ठंडे तापमान में वीविल्स को पनपने के लिए अनुकूल वातावरण नहीं है कीड़ा कहा से आया? अगर कंपनी का कहना यह है कि उक्त बैच का दही उसके वितरण ने वंदे भारत ट्रेन में सप्लाई ही नहीं की तो यह आपूर्ति वेंडर ने कहां से ली ? अमूल का यह प्रोडक्ट नकली तो नहीं ? इसका जबाव डेयरी ब्रांड अमूल और IRCTC को मिलकर खोजना होगा. अमूल की ओर से ट्रेन में स्वच्छता व एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाये गये हैं. ऐसे में रेलवे अधिकारियों के सामने पूरे प्रकरण का सच जनता के सामने जल्द से जल्द लाने की बड़ी चुनौती होगी.
- CKP DIVISION : रनिंग स्टाफ की नई ट्रांसफर पॉलिसी पर क्यों मचा है बवाल? जानें वो 9 कड़े नियम जिन्होंने बढ़ाई रेलकर्मियों की टेंशन - June 29, 2026
- CKP DIVISION : नई ट्रांसफर पॉलिसी में प्रबंधन की ‘मनमानी’ से रनिंग स्टाफ में आक्रोश, बैकफुट पर SERMU, मुद्दा भुनाने मैदान में उतरी SERMC - June 29, 2026
- उत्तर पश्चिम रेलवे का बड़ा फैसला : जुलाई में 40 अतिरिक्त डिब्बों के साथ बढ़ेंगी हजारों सीटें - June 29, 2026






















































































