Varanasi/Gorakhpur. भारतीय रेलवे में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. गुरुवार को सीबीआई की दूसरी बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है. ताज़ा मामले में उत्तर पूर्व रेलवे (NER) के वाराणसी मंडल स्थित वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक (SrDMM) नितेश अग्रवाल के आवास और दफ्तर में गुरुवार देर शाम सीबीआई की टीम ने अचानक छापेमारी की. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम ने दफ्तर पहुंचते ही पूरे परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया और छानबीन शुरू कर दी.
एक ही कमरे में बंद कर अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ
बताया जा रहा है कि सीबीआई की कार्रवाई के दौरान SrDMM कार्यालय में हड़कंप मच गया. टीम ने कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को एक ही चैंबर (कमरे) में एकत्र कर दिया और उनसे गहन पूछताछ शुरू कर दी. इस दौरान SrDMM वाराणसी (BSB) सहित संबंधित स्टाफ से वित्तीय लेन-देन, टेंडर प्रक्रियाओं और आधिकारिक फाइलों से जुड़े सवालों के जवाब मांगे जा रहे हैं.
कार्यालय के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. सूत्रों का कहना है कि सीबीआई कुछ अहम दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है.
सूत्रों के अनुसार सीबीआई टीम पहले सीनियर डीएमएम के आवास पहुंची. वहां जांच-पड़ताल के बाद देर शाम डीआरएम कार्यालय में स्थित ऑफिस पहुंची. शाम छह बजे डीआरएम ऑफिस बंद हो जाने के कारण सीनियर डीएमएम समेत कुछ कर्मचारी ही बचे थे जिनसे पूछताछ की गई.
वरिष्ठ सामग्री प्रबंधक सामान की उपलब्धता सुनिश्चित कराते हैं. ऐसे में कयास लगाया जा रहा कि खरीद-फरोख्त से जुड़ी किसी गड़बड़ी की पुख्ता सूचना पर ही केंद्रीय जांच ब्यूरो की टीम यहां पहुंची है. यहां कार्यालय 1.70 लाख की राशि बरामद होने की अपुष्ट खबर है.
एक ही दिन में सीबीआई की दूसरी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि रेलवे में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सीबीआई लगातार सख्त रुख अपना रही है. वाराणसी मंडल से पहले अन्य मंडलों में भी सीबीआई की टीमों ने कार्रवाई की है. समस्तीपुर मंडल (पूर्व मध्य रेलवे) में भी सीबीआई ने रिश्वतखोरी के आरोप में सहायक कार्मिक अधिकारी (APO) और डीलिंग क्लर्क हिरासत में लिया है.
वाराणसी मंडल में हुई इस ताज़ा रेड को रेलवे महकमे में सीबीआई की इस कड़ी की तीसरी बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे पूरे रेलवे प्रशासन में हड़कंप का माहौल है.
विस्तृत रिपोर्ट और आधिकारिक बयान का इंतज़ार
फिलहाल सीबीआई की ओर से इस छापेमारी के संबंध में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह कार्रवाई किस विशिष्ट शिकायत या वित्तीय अनियमितता के सिलसिले में की जा रही है. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं. जांच पूरी होने और सीबीआई के आधिकारिक बयान के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर और बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.
- रेलवे में ‘अपना कानून’, पास के दुरुपयोग में ACM पर विजिलेंस का शिकंजा, टीटीई की लाचारी और ‘अवैध वीआईपी कल्चर’ पर उठे गंभीर सवाल - July 24, 2026
- रेलवे में सीबीआई का एक्शन, वाराणसी मंडल के SrDMM कार्यालय में छापेमारी, एक ही कमरे में बैठाकर पूछताछ - July 24, 2026
- TATANAGAR : 26 साल का एकाधिकार जारी, विजिलेंस और रोटेशन पॉलिसी ढेर, Sr DCM की मेहरबानी से अमित चौधरी बने गुड्स के ‘नये प्रभारी’! - July 24, 2026
















































































