रेलहंट ब्यूरो, जमशेदपुर
रेलवे मेंस यूनियन ने कोरोना संक्रमण के बीच जान जोखिम में डालकर ट्रेनों का परिचालन कर रहे कर्मियों को पूरी सुरक्षा सुनिश्चित कराने के साथ ही एक करोड़ का बीमा देने की मांग की है. आदित्यपुर में एक अप्रैल को आयोजित बैठक में पूर्व रेलवे की तरह रनिंग कर्मचारियों को सुरक्षा देने की मांग रखी गयी. यूनियन नेताओं का लगातार कोरोना संक्रमण की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि कई रेलकर्मी इसके संक्रमण के दायरे में आ गये है. भोपाल में गार्ड और मुरादाबाद में लोको पायलटों को कोरंटाइन में रखा गया है. इसके लिए प्रशासन पहले लोको कैब के साथ ही रनिंग रुम को भी सेनिटाइज करें.
बैठक में दिल्ली सरकार की ही तरह रेलकर्मियों के लिए एक करोड़ का बीमा करने की मांग रखी गयी. इसके साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि वर्तमान में संक्रमण की आशंका को लेकर केवल जरूरी वस्तुओं की ही ढुलाई रेल प्रशासन करे. यूनियन नेताओं का कहना था कि रनिंग कर्मियों के परिश्रम के कारण ही आज चक्रधरपुर रेलमंडल लोडिंग में देश भर में दूसरे नंबर पर आया है लेकिन सुविधा के मामले में रनिंग कर्मियों की स्थिति बेहतर नहीं है. बीते दिनों से अधिक से अधिक मालगाड़ी आदित्यपुर से चलायी जा रही है जिससे जोखिम भी बढ़ा है. नेताओं ने इसे नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित कराने के अनुपात में ही ट्रेनों का आवागमन सुनिश्चित कराने की मांग प्रशासन से की है. बैठक में डी अरुण, मुकेश सिंह, सिवेश कुमार, मनोज कुमार, अमित कुमार के अलावा बड़ी संख्या में रनिंगकर्मी मौजूद थे.
लॉकडाउन में हर दिन जरुरतमंदों को खिलाया जा रहा खाना
आदित्यपुर. रेलवे मेंस यूनियन लॉकडाउन में जरुरतमंदों को हर दिन दोपहर का खाना आदित्यपुर स्टेशन परिसर में खिला रही है. बयान जारी कर मेंस यूनियन के सचिव डी अरुण ने बताया है कि भोजन की व्यवस्था करने से आसपास के गरीब परिवारों को काफी राहत हुई है. सीवाईएम पीसी पात्रो, गार्ड नीरज कुमार, लोको पायलट मुकेश कुमार, मो. शमीम के अलावा आरपीएफ के सामूहिक सहयोग से यह व्यवस्था एक सप्ताह से चल रही है जिसे आगे भी चलाने की योजना है. गरीबों के लिए भोजन जुटाने में कई रेलकर्मी भी सहयोग दे रहे हैं जो लोग इसमें सहयोग करना चाहते है उनका भी यूनियन स्वागत करती है.
आधारित समाचार में किसी सूचना अथवा टिप्पणी का स्वागत है, आप हमें मेल [email protected] या वाट्सएप 6202266708 पर अपनी प्रतिक्रिया भेज सकते हैं.


