KANPUR. भारतीय रेलवे में यात्रियों की दबंगई और कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने का एक और शर्मनाक मामला सामने आया है. अहमदाबाद से आसनसोल जा रही ट्रेन (संख्या 19435) में चेन पुलिंग (अलार्म चेन खींचने) की घटना को रोकने गए एक ड्यूटीरत टिकट कलेक्टर (TTE) पर कुछ यात्रियों ने कातिलाना हमला कर दिया. इस मारपीट में TTE का आधिकारिक हैंड-हेल्ड टर्मिनल (HHT) भी तोड़ दिया गया, जिससे रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है.
इस पूरी घटना और हंगामे के चलते ट्रेन लगभग 54 मिनट तक लेट हो गई. इसके बाद सुरक्षा तंत्र और रेलवे कर्मियों की देखरेख में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12:05 बजे ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे के सफर के लिए रवाना किया गया. रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इस तरह की सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. घटना उत्तर प्रदेश के ललितपुर के समीप की है.
क्या है पूरा मामला?
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रेन शनिवार रात करीब 11:09 बजे ललितपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी. स्टेशन से छूटने के कुछ ही देर बाद, कुछ यात्रियों ने बिना किसी ठोस वजह के दो बार अलार्म चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया. इसी दौरान कोच के भीतर यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी शुरू हो गया.
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए और यात्रियों की शिकायत मिलने पर, ड्यूटी पर तैनात TTE राम सजीवन यादव स्थिति का जायजा लेने और विवाद को शांत कराने के लिए संबंधित कोच के अंदर पहुंचे.
TTE के साथ मारपीट और तोड़फोड़
जब TTE ने यात्रियों को बेवजह चेन खींचने और हुड़दंग मचाने से मना किया, तो आरोपी यात्री भड़क उठे. कोच में मौजूद तीन दबंग यात्रियों ने कथित तौर पर TTE राम सजीवन यादव के साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी. इतना ही नहीं, यात्रियों ने ड्यूटी के दौरान इस्तेमाल होने वाला उनका महत्वपूर्ण हैंड-हेल्ड टर्मिनल (HHT) भी छीनकर तोड़ डाला. इस अप्रत्याशित हंगामे के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए TTE के साथ मारपीट करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.


