दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन और सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच उत्तर रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जिससे दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
NEW DELHI. दिल्ली में शनिवार को होने वाले विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक सरगर्मी के चलते एक बार फिर आम जनता को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है. प्रदर्शन और सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच उत्तर रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अचानक रद्द कर दिया है, जिससे दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
इस हालात को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी बयानबाजी तेज हो गई है, जहां विपक्षी दल और सत्ता पक्ष एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं, और इसका सीधा खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है.
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों की सूची
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर को चलने वाली और नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन व तिलक ब्रिज स्टेशनों पर आने-जाने वाली निम्नलिखित ट्रेनें पूरी तरह प्रभावित और रद्द रहेंगी:
- मगध एक्सप्रेस: (20801 – इस्लामपुर से नई दिल्ली)
- तेजस राजधानी एक्सप्रेस: (12309 – राजेंद्र नगर से नई दिल्ली)
- संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस: (12393 – राजेंद्र नगर से नई दिल्ली)
- अमृत भारत एक्सप्रेस: (22361 – राजेंद्र नगर से नई दिल्ली)
- प्रयागराज एक्सप्रेस: (12417 – प्रयागराज से नई दिल्ली)
- श्रमशक्ति एक्सप्रेस: (12451 – कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली)
- हमसफर एक्सप्रेस: (12275 – प्रयागराज से नई दिल्ली)
- शताब्दी एक्सप्रेस: (12033 – कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली)
- इंटरसिटी एक्सप्रेस: (14211 – आगरा कैंट से नई दिल्ली)
- अन्य प्रमुख ट्रेनें: बनारस से चलने वाली (12559, 12581), कासगंज से आने वाली (15303), लखनऊ से तेजस एक्सप्रेस (82501), और देहरादून से नई दिल्ली आने वाली (12056).
- हजरत निजामुद्दीन व तिलक ब्रिज से जुड़ी ट्रेनें: जबलपुर से निजामुद्दीन आने वाली (22181, 12189, 12121), उदयपुर सिटी से निजामुद्दीन (12964 / वापसी 12963), सिरसा/श्रीगंगानगर से तिलक ब्रिज (15308, 14727 / वापसी 14728), और भिवानी रूट की ट्रेनें (14738, 14737) भी रद्द रहेंगी. कुछ ट्रेनों को रेक उपलब्ध न होने के कारण भी रद्द किया गया है.
रेलवे ने जारी की यात्रियों के लिए एडवाइजरी
- समय और दायरा: सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और ट्रैफिक एडवाइजरी के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
- यात्रियों को सलाह: उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या 139 जैसे अधिकृत पूछताछ माध्यमों के जरिए अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने पर किसी अप्रत्याशित परेशानी से बचा जा सके.,
किन यात्रियों को नहीं रोका जाएगा?
दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिन यात्रियों के पास वैलिड ट्रेन टिकट होगा उन्हें दिल्ली के किसी भी रेलवे स्टेशन पर रोका नहीं जाएगा. पुलिस सिर्फ उन्हीं लोगों के ऊपर कार्रवाई करेगी जो कानून-व्यवस्था को खराब करने की कोशिश करेंगे.



