- ECR में जीएम छत्रसाल के कार्यकाल में सीबीआई की नौंवी छापेमारी
- 50 हजार रुपये घूसखोरी में पकड़े गये APO-2 अरुण कुमार मंडल
PATNA. बिहार के समस्तीपुर रेल मंडल मुख्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है. गुरुवार 23 जुलाई को सीबीआई की टीम ने डीआरएम कार्यालय में अचानक छापेमारी की, जिससे समूचे रेलवे परिसर और अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया.
इस दौरान जांच एजेंसी ने रेलवे में चल रहे ट्रांसफर-पोस्टिंग के बड़े खेल को लेकर सहायक कार्मिक पदाधिकारी (APO-2) अरुण कुमार मंडल को हिरासत में लिया है. आरोप है कि उन्हें 50 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया है. इसकी शिकायत सीनियर क्लर्क अमृत राज ने की थी. हालांकि सीबीआई की टीम सीनियर क्लर्क को भी अपने साथ ले गयी है.
ट्रांसफर-पोस्टिंग और घूसखोरी का है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर रेल मंडल के कार्मिक विभाग में पिछले काफी समय से तबादलों और पोस्टिंग के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं. इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सीबीआई ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और सीधे कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान केंद्रीय एजेंसी ने अधिकारियों के दफ्तर की फाइलों और दस्तावेजों को खंगाला.

इस कार्रवाई में एपीओ अरुण कुमार मंडल के आवास और कार्यालय से जुड़े ठिकानों से लगभग 50,000 रुपये की घूस की रकम के अलावा एक गैर-लाइसेंस पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं. एक जिम्मेदार अधिकारी के पास से अवैध हथियार मिलना इस पूरे मामले को और अधिक गंभीर बनाता है. आर्म्स को लेकर स्थानीय थाना में मामला दर्ज कराया गया है.
कर्मचारियों और दलालों में मचा हड़कंप
सीबीआई की इस कार्रवाई की भनक लगते ही डीआरएम कार्यालय के अन्य कर्मचारियों और रेलवे गलियारों में सक्रिय दलालों के हाथ-पांव फूल गए. कई कर्मचारी अपना दफ्तर छोड़कर इधर-उधर छिपते नजर आए. रेलवे जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण महकमे में इस तरह की छापेमारी से यह साफ हो गया है कि महकमे के भीतर किस हद तक भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हो चुकी हैं. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इस सिंडिकेट में कुछ और नाम भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है.

आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
फिलहाल सीबीआई की टीम दोनों हिरासत में लिए गए कर्मचारियों से गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है. इस बात की गहराई से छानबीन की जा रही है कि इस अवैध ट्रांसफर-पोस्टिंग रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इसमें कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं. इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी के बाद से समस्तीपुर रेल मंडल के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मियों में भारी दहशत का माहौल है.
- ECR : समस्तीपुर रेल मंडल में सीबीआई छापा, ट्रांसफर-पोस्टिंग के खेल में एपीओ को उठाया, क्लर्क से पूछताछ - July 24, 2026
- WCRMS यूनियन कार्यालय में कथित मटन-शराब पार्टी पर बवाल, वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल, उच्चस्तरीय जांच समिति गठित - July 23, 2026
- रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी : 31 जुलाई से कन्फर्म टिकट पर ले जाने वाले सामान की होगी ऑनलाइन बुकिंग - July 23, 2026

















































































