Kolkata. रेलवे में लगातार सेफ्टी को लेकर जारी किये जा रहे गाइडलाइन के बावजूद ट्रेनों के पटरी से उतरने का सिलसिला जारी है. अब पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में कुमेदपुर रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी. पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे ने बताया कि सुबह करीब 10.45 बजे पेट्रोल ले जा रही मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए थे. उन्होंने कहा, ‘मालगाड़ी के कुल पांच डिब्बे पटरी से उतर गए, हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है.’ एनएफआर के एक सूत्र ने बताया, ‘कटिहार के कुमेदपुर स्टेशन से गुजरते समय मालगाड़ी (डीएन आईओआरजी/बीटीपीएन/एलडी 70649) पटरी से उतर गयी, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह प्रभावित हो गया.’
यात्री ट्रेन को वापस कटिहार ले जाया गया
कटिहार से दुर्घटना राहत रेल (एआरटी) को भेजा गया है और वह मार्ग को बहाल करने में लगी हुई है. दुर्घटना के बाद फंस गई एक यात्री रेलगाड़ी को वापस कटिहार ले जाया गया है. मार्ग बहाल होने के बाद यह पुनः गंतव्य की ओर रवाना होगी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि रेलगाड़ी के पटरी से उतरने का कारण रेललाइन से जुड़ा ‘तकनीकी मामला’ हो सकता है, लेकिन इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा.
जलपाईगुड़ी से कटिहार की ओर जा रही थी मालगाड़ी
कटिहार मंडल रेल प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पेट्रोल से लदी मालगाड़ी पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी से बिहार के कटिहार की ओर जा रही थी. पटरी से उतरी बोगियों के कारण न्यू जलपाईगुड़ी और कटिहार के बीच रेल यातायात बाधित हो गया.
उच्च स्तरीय जांच के आदेश
‘डाउन लाइन’ को रेल यातायात के लिए खोल दिया गया है. ‘अप लाइन’ पर जल्द ही रेल यातायात बहाल कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा, ”इस घटना के वास्तविक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।”
- 8वें वेतन आयोग से पहले रेलवे का बड़ा कदम, ट्रैकमेन और रनिंग स्टाफ के ‘रिस्क-हार्डशिप’ का जुटेगा डेटा, बढ़ सकते हैं भत्ते - July 19, 2026
- DDU Railway Division में हादसा या ‘प्रशासनिक लापरवाही’? जर्जर क्रेन की पुली ने ली रेलकर्मी की जान, सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल - July 19, 2026
- अब बिना ‘रेफर’ कराए किसी भी अस्पताल में करा सकेंगे मुफ्त इलाज, रेलवे बोर्ड ने बदली ‘Emergency’ की परिभाषा, जाने क्या है खास - July 19, 2026


















































































