- SER में रांची-टाटा-खड़गपुर में हुआ आयोजन
NEW DELHI. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को देश के विभिन्न स्टेशनों पर महिलाओं ने महती जिम्मेदारी का निर्वाहन करते हुए ट्रेन चलाया. विभिन्न जोन और डिवीजन के स्टेशनों पर डीआरएम समेत आला अधिकारियों ने मौजूद रहकर महिला रेलकर्मियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें सम्मानित किया गया. देश के कई स्टेशनों से खुलने वाली पूरी ट्रेन की कमान महिलाओं के हाथ में रही. इसमें लोको पायलट, गार्ड, टीटीई, ट्रेन मैनेजर और आरपीएफ सुरक्षा कर्मियों की भूमिका महिला कर्मचारियों ने निभायी.

आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल अधिकारी व रेलकर्मी
चक्रधरपुर डिवीजन के आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर महिला रेलकर्मियों ने आदित्यपुर–आसनसोल एक्सप्रेस ट्रेन का संपूर्ण परिचालन संभाला. लोको पायलट से लेकर गार्ड और टिकट जांच स्टाफ तक, ट्रेन के संचालन की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने संभाली. इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक तरुण कुमार हुरिया भी मौजूद थे. उन्होंने महिला रेलकर्मियों को बधाई दी और कहा कि भारतीय रेल में समावेशी कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का यह महत्वपूर्ण कदम है.
इस अवसर पर रेलवे के क्षेत्रीय प्रबंधक समीर सौरभ के अलावा कई अधिकारी और यूनियन प्रतिनिधियों में मुकेश सिंह, कौशिक दास और आशीष सिंह, एसके गिरि भी भी शामिल हुए. उधर, झारखंड के ही रांची रेलवे स्टेशन पर रांची-इरगांव ट्रेन का संचालन महिला कर्मियों की टीम ने किया. इस मौके पर पहुंची सीनियर डीसीएम सूची सिंह विशेष आकर्षण का केंद्र रही. उन्होंने गुलाब देकर महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया.

हिजली स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में डीआरएम-एडीआरएम समेत अन्य रेलकर्मी
उधर, खड़गपुर डिवीजन में महिलाएं नामित स्टेशन हिजली में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें 22503 कन्याकुमारी –दिब्रुगढ़ विवेक एक्सप्रेस को हिजली स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पाण्डेय और अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक मनीषा गोयल ने रवाना किया. महिला सशक्तिकरण और भारतीय रेल में महिलाओं के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से ट्रेन का संचालन महिला कर्मचारियों की टीम ने किया.
उत्तर प्रदेश के झांसी एनसीआर (उत्तर मध्य रेलवे) डिवीजन में बुंदेलखंड एक्सप्रेस का संचालन महिला कर्मचारियों ने किया. झांसी से ग्वालियर के बीच जाने वाली इस ट्रेन में लोको पायलट से लेकर ट्रेन मैनेजर तक सभी जिम्मेदारियों को महिला कर्मचारियों ने संभाला. ट्रेन की कमान लोको पायलट दीप्ति के हाथों में रही, जबकि उनके साथ असिस्टेंट लोको पायलट के रूप में कौशल्या देवी ने जिम्मेदारी निभाई.
अजमेर मंडल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ट्रेन नंबर 19735 जयपुर–मारवाड़ जंक्शन एक्सप्रेस का संचालन अजमेर से मारवाड़ जंक्शन खंड के बीच पूरी तरह महिला स्टाफ द्वारा किया गया. इस पहल का उद्देश्य रेलवे में कार्यरत महिलाओं की क्षमता, दक्षता और योगदान को सम्मान देना और समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश फैलाना था.

जोधपुर में महिला टीम
राजस्थान के जोधपुर रेल मंडल ने ‘नारी शक्ति’ को समर्पित एक शानदार आयोजन किया. जोधपुर से जयपुर के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 14813 आज पूरी तरह से महिला रेल कर्मचारियों के भरोसे पटरी पर दौड़ी. लोको पायलट से लेकर गार्ड और चेकिंग स्टाफ तक, इस ट्रेन के संचालन की हर जिम्मेदारी महिलाओं ने बखूबी संभाली.

















































































