- लोडिंग -अनलोडिंग को जोड़कर ट्रैफिक का कुल आकड़ा दिखा रहे डिवीजन
- एक डिवीजन ने की लोडिंग, दूसरे ने किया अनलोड, दोनों ने दिखा दी उपलब्धि
Bhubaneswar/kolkata. पूर्वी तट रेलवे (ECoR) के खुर्दा रोड डिवीजन (Khurda Road Division) वित्तीय वर्ष 2025–26 में रिकॉर्ड माल ढुलाई के साथ भारतीय रेलवे में सबसे आगे रहा है. डिवीजन ने 322.73 मिलियन टन से अधिक ट्रैफिक संभालकर नया इतिहास रचा है. वित्तीय वर्ष में डिवीजन ने 176.11 मिलियन टन की लोडिंग और 146.62 मिलियन टन की अनलोडिंग की है. खुर्दा रोड डिवीजन अक्टूबर 2025 के बाद दिसंबर 2025 में भी लोडिंग में लगातार आगे रहा था.
रेलवे की लोडिंग-अनलोडिंग के कुल रिकार्ड की सूची में खुर्दा रोड के बाद दूसरे नंबर पर बिलासपुर (261.31 MT), तीसरे नंबर पर धनबाद (241.32 MT), और चक्रधरपुर डिवीजन (229.91 MT) के साथ चौथे स्थान पर रहा है. इस दौड़ में आगे निकलने के लिए चक्रधरपुर डिवीजन ने काफी मशक्कत की. यात्रियों ने तो यहां तक आरोप लगाया कि मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी गयी. ट्रेनें घंटों लेट से चल रही है और साल भर में लाखों यात्री इसका शिकार बने. बावजूद डिवीजन का लोडिंग आकड़ा 154.97 मिलियन टन से आगे नहीं बढ़ सका है.
सोशल मीडिया में चक्रधरपुर डिवीजन में ट्रेनों की लेटलतीफी छायी हुई है और खराब परिचालन अनुपात के बीच X पर #LATE_DIV_CKP लगातार ट्रोल कर रहा है. हालांकि 2 अप्रैल 2025 को मीडिया के सामने चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने माना कि पिछले तीन वर्षों से लोडिंग का आंकड़ा 154 एमटी के आसपास आकर ठहर गया है. इसमें वृद्धि की गति सीमित नजर आ रही है. दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 154.97 मिलियन टन माल लोडिंग किया. जो पिछले वर्ष के 154.07 मिलियन टन से कुछ अधिक रहा.
मंडल प्रबंधक तरुण हुरिया ने कहा कि मार्च 2026 में 15.82 मिलियन टन की मासिक लोडिंग के साथ मंडल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की. इस तरह कुल 229.9 मिलियन टन (लोडिंग व अनलोडिंग) हैंडलिंग कर अब तक का सर्वोच्च स्तर दर्ज किया गया है. यहां यह बात दिलचस्प है कि इस बार लोडिंग में आकड़ों का खेल चल रहा है. डिवीजनों ने लोडिंग और अनलोडिंग को जोड़कर कुल ट्रैफिक के रूप में उपलब्धि दशायी है. अब सवाल यह उठता है कि एक डिवीजन ने माल लोड किया उसी माल को दूसरे डिवीजन ने अनलोड किया. इस तरह दोनों डिवीजन ने लोडिंग-अनलोडिंग के रूप में कुल ट्रैफिक कहकर इसे अपनी उपलब्धियों में शामिल कर लिया.

CKP/DRM तरुण हुरिया ने कहा – नई लाइन बिछाने के बाद ही दूर होगी ट्रेनों की लेतलतीफी
चक्रधरपुर डीआरएम तरुण हुरिया ने उपलब्धियों पर फोकस करते हुए मीडिया को बताया कि राजस्व के मोर्चे पर उनका प्रदर्शन बेहतर रहा. कहा कि यात्री सेवाओं से 2533 करोड़ की आय हुई. टिकट चेकिंग से 216.57 करोड़, विज्ञापन, पार्किंग और कैटरिंग से 113 करोड़ जबकि स्क्रैप से 138.44 करोड़ रुपए की आये हुई. ट्रेन की लेटलतीफी पर डीआरएम ने कहा कि व्यस्त रेलखंडों में ट्रैफिक जाम की समस्या है.
इसे दूर करने के लिए नई रेल लाइनों को स्वीकृति मिली है. इसके पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन बेहतर होगा. इसमें दो से तीन साल लग सकते है. उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड को सेक्सन के अनुसार लाइन बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है. इन लाइनों के तैयार होने के बाद यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी की समस्या दूर हो जाएगी.



















































































