- कोलकाता पुलिस की स्पेशल टॉस्क फोर्स की टीम को मिली बड़ी कामयाबी
- संदिग्धों के पास से आतंकी गतिविधियों से जुड़ी वीडियो क्लिप व जेहादी किताबें मिलीं
- राज्य में आइएस के लिए सक्रिय संगठन तैयार करने और धन राशि जुटाने में थे सक्रिय
- गिरफ्तार संदिग्ध आरोपियों में तीन बांग्लादेश निवासी, जबकि एक बीरभूम के मित्रापुर का रहनेवाला है
रेलहंट ब्यूरो कोलकाता
कोलकाता पुलिस की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने बांग्लादेश में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के चार सक्रिय सदस्यों को सियालदह और हावड़ा स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है. दबोचे गये संदिग्ध आतंकियों में मोहम्मद जियाउर रहमान उर्फ मोहसिन उर्फ जहीर अब्बास (44), मामोनुर रशीद (33), मोहम्मद साहिन आलम उर्फ अलामीन (23) और रबीउल इस्लाम (35) हैं. जियाउर बांग्लादेश के नवाबगंज, जबकि मामोनुर बदरगंज जिले का निवासी है. वहीं मोहम्मद साहिन आलम बांग्लादेश के ही राजशाही जिले का रहने वाला है. रबीउल बीरभूम के मित्रापुर के नयाग्राम का निवासी है. इनके पास से मोबाइल फोन, आतंकी गतिविधियां चलाने से संबंधित कई वीडियो क्लिप के अलावा जेहादी किताबें व पोस्टर मिले हैं.
कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (एसटीएफ) शुभंकर सिन्हा सरकार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बांग्लादेश के कुछ संदिग्ध आतंकियों को कोलकाता में देखा गया है. इसके बाद से इनकी तलाश की जा रही थी. सोमवार रात को सियालदह स्टेशन के निकट पार्किंग स्थल से मोहम्मद जियाउर रहमान और मामोनुर रशीद को गिरफ्तार किया गया. दोनों से पूछताछ के बाद पता चला कि उनके दो अन्य साथी हावड़ा स्टेशन में उनका इंतजार कर रहे हैं. चारों एक साथ मिलकर अपनी अगली रणनीति तय करनेवाले थे. इस जानकारी के बाद हावड़ा स्टेशन के पास से मोहम्मद साहिन आलम उर्फ अलामीन और रबीउल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया गया. प्राथमिक पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि बांग्लादेश में इनके संगठन पर प्रतिबंध लगने के बाद ये भागकर कोलकाता आकर छिपे थे. जेएमबी के बैनर तले आइएस (इस्लामिक स्टेट) आतंकी संगठन से जुड़ने के बाद से वे यहां संगठन को मजबूत करने के लिए धनराशि जुटाने और युवाओं को संगठन से जोड़ने का काम कर रहे थे. इनकी अगली योजना क्या थी? इनके बाकी साथी कहां हैं? इन सवालों का जवाब संदिग्धों से जानने की कोशिश की जा रही है.
सभार : प्रभात खबर
- राउरकेला रेलवे रिटायर्ड एसोसिएशन ने सादगी और उत्साह के साथ मनाया जुलाई माह का जन्मोत्सव - July 21, 2026
- पाकिस्तान में बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ी के 17 डिब्बे पटरी से उतरे, कराची-सिंध रेल मार्ग पूरी तरह ठप - July 20, 2026
- चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रांसफर-पोस्टिंग नियमों की ‘क्रैश लैंडिंग’? DRM और Sr DCM की कार्यशैली पर गंभीर आरोप! - July 20, 2026

















































































