ADRA. त्योहारी या शादी-ब्याह के सीजन में जब एक आम यात्री को घर जाने के लिए कन्फर्म टिकट के वास्ते दर-दर भटकना पड़ता है, तब टिकट दलालों का सिंडिकेट काउंटर और आरक्षण प्रणाली में सेंध लगाकर आम लोगों के हक पर सीधा डाका डालता है. ऐसी ही अवैध टिकट दलाली के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की TOPB स्पेशल टीम, आद्रा को बड़ी सफलता हाथ लगी है. टीम ने 26 नवंबर 2026 को चंद्रकोना रोड रेलवे स्टेशन पर सुनियोजित छापेमारी कर एक शातिर टिकट दलाल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से ₹1,34,005 मूल्य के कुल 15 रेलवे आरक्षण काउंटर टिकट बरामद किए गए हैं. आरोपी की पहचान पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल अंतर्गत ग्राम कृष्णनगर निवासी फाल्गुनी विजय मंडल के रूप में हुई है. यह पूरी कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त (RPF/आद्रा) ओम प्रसाद मोहंती के पर्यवेक्षण और सब-इंस्पेक्टर (SI) बब्लू कुमार के नेतृत्व में अंजाम दी गई.
दरअसल, ये दलाल पहले से ही अलग-अलग नामों और रूटों के काउंटर टिकट बुक कर ब्लॉक कर लेते हैं. इससे जरूरतमंद और आम यात्रियों को ‘वेटिंग लिस्ट’ का सामना करना पड़ता है, और फिर मजबूरी का फायदा उठाकर ये दलाल मनमाने दामों पर टिकट बेचकर मोटा मुनाफा कमाते हैं.
इस मामले में आरपीएफ पोस्ट बिष्णुपुर में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत केस संख्या 433/2026 दर्ज किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए 27 नवंबर 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा. आद्रा मंडल RPF की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि आम यात्रियों का हक मारने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.


