KHaRAGPUR. भारतीय रेल में यात्री सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर रेल मंडल में एक व्यापक अंतर-रेलवे एसएजी (SAG) स्तरीय सुरक्षा ऑडिट (सेफ्टी ऑडिट) का आयोजन किया गया. यह महत्वपूर्ण निरीक्षण अभियान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी (PCSO/SECR) अनूप कुमार सतपथी के पर्यवेक्षण में खड़गपुर–राखामाइंस रेल खंड पर किया गया.
विशेष बहु-विषयक ऑडिट टीम में रेलवे मुख्यालय और मंडल के परिचालन (Operating), सिविल इंजीनियरिंग, सिग्नलिंग, मैकेनिकल तथा इलेक्ट्रिकल विभागों के वरिष्ठ एसएजी (SAG) स्तर के अधिकारी शामिल थे. अधिकारियों के इस दल ने रेल पटरियों, सिग्नल प्रणाली, तकनीकी उपकरणों और यात्री सुविधाओं से जुड़े सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की.
निरीक्षण के दौरान टीम ने खड़गपुर स्टेशन एवं यार्ड, रनिंग रूम (खड़गपुर), क्रू एवं टीएम लॉबी, तथा दुर्घटना राहत चिकित्सा यान व उपकरणों (SPART एवं SPARMV) का गहन अवलोकन किया. इसके अतिरिक्त, खड़गपुर से राखामाइंस (RHE) तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के माध्यम से ट्रैक की स्थिति का जायजा लिया गया. इस दौरान मार्ग में पड़ने वाले झारग्राम, चाकुलिया और धालभूमगढ़ स्टेशनों पर भी सुरक्षा व्यवस्थाओं और परिचालन प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई.
रेल प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा जांच का यह विशेष अभियान यहीं समाप्त नहीं हुआ है. यह सेफ्टी ऑडिट 27 नवंबर 2026 को भी जारी रहेगा, जिसके तहत खड़गपुर–रानीताल रेल खंड का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा. सेफ्टी ऑडिट में अनूप कुमार सतपथी ले आम यात्रियों से भी बात की और उनकी राय जानी.
भारतीय रेलवे द्वारा उठाया गया यह कदम सुरक्षित रेल परिचालन, सतर्कता बढ़ाने और सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इस अभियान के माध्यम से संभावित तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान कर उन्हें दूर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि रेल यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके.


