- धुतरा स्टेशन के पास हुई घटना, रेलकर्मियों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर पाया काबू, बड़ा हादसा टला
JHARSUGUDA. चक्रधरपुर रेलमंडल के अंतर्गत धुतरा रेलवे स्टेशन के निकट रविवार को टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18189) के ए-2 कोच में आग लगने की घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, आज दिन करीब 11 बजे ट्रेन के ए-2 कोच के नीचे से धुआं निकलने लगा. देखते ही देखते कोच से आग की लपटें दिखाई देने लगीं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया.
कोच में अचानक धुआं और आग की लपटें देखकर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. अपनी सुरक्षा को देखते हुए यात्री आनन-फानन में कोच से नीचे उतर गए. इस दौरान मौके पर मौजूद रेलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और आग पर काबू पा लिया.
घटना के कारण टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक धुतरा स्टेशन के निकट खड़ी रही. आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को झारसुगुड़ा की ओर रवाना कर दिया गया.
चलती ट्रेन के कोच में आग लगने की इस घटना से यात्रियों में काफी दहशत देखी गई. हालांकि, रेलकर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है.


