- चौरी चौरा एक्सप्रेस दुर्घटना: कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम को गोरखपुर जा रही ट्रेन संख्या 15003 के चार कोच (बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7) पटरी से उतर गए.
- समय और स्थिति: यह घटना शाम करीब 5:05 बजे हुई. गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.
- असम हादसे का साया: सुबह असम में हुई भीषण रेल दुर्घटना की खबर के बाद कानपुर में हुए इस हादसे ने यात्रियों और रेलवे प्रशासन की धड़कनें और बढ़ा दीं, जिससे लोगों में तुरंत दहशत फैल गई.
KANPUR. देश में एक के बाद एक हो रहे रेल हादसों ने यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बुधवार का दिन भारतीय रेलवे के लिए बेहद तनावपूर्ण रहा. जहां एक तरफ सुबह असम से एक बड़े रेल हादसे की दर्दनाक खबर सामने आई थी, वहीं शाम ढलते-ढलते उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भी एक और रेल हादसा टलते-टलते बच गया.
जानकारी के अनुसार गोरखपुर की ओर जाने वाली ट्रेन संख्या 15003 (चौरी चौरा एक्सप्रेस) कानपुर अनवरगंज स्टेशन से होते हुए कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंची थी. यहां से निर्धारित समय शाम 5:03 बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई. लेकिन रवाना होने के महज दो मिनट बाद यानी 5:05 बजे जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी, उसके चार एसी कोच (बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7) की एक-एक करके अचानक पटरी से उतर गये. अचानक हुए इस झटके और आवाज से ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई. हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है.
असम हादसे के बाद और गहरी हुई चिंताएं
आज सुबह ही असम में हुई रेल दुर्घटना के खौफ से यात्री अभी उबरे भी नहीं थे कि कानपुर में इस घटना के घटित होते ही लोग दहशत में आ गए. लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण रेल यात्रियों के मन में अपनी सुरक्षा को लेकर भारी डर बैठ गया है. गनीमत यह रही कि कानपुर की इस घटना के समय ट्रेन की गति तेज नहीं थी, अन्यथा बड़ी वारदात तय थी. रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है.
प्रशासन की कार्रवाई और हेल्पलाइन नंबर
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर दौड़ पड़े. डिप्टी सीटीएम कानपुर के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया. ट्रैक को दुरुस्त करने और प्रभावित कोचों को सुरक्षित अलग करने का काम जारी है.
रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
- कानपुर सेंट्रल स्टेशन: 0512-2323018, 0512-2323016, 0512-2323015
- प्रयागराज जंक्शन: 0532-2408128, 0532-2407353, 0532-2408149
- फतेहपुर स्टेशन: 9151833006
असम की सुबह की दुखद घटना और अब कानपुर में ट्रेन के पटरी से उतरने की इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की पटरियों, सिगनलिंग और रखरखाव व्यवस्था (Maintenance) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. रेल प्रशासन मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे चुका है.


