NEW DELHI. भारतीय रेलवे के प्रशासनिक ढांचे में एक बड़ा और महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है. कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के तहत आने वाले मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने रेलवे मंत्रालय के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है. इस संबंध में 25 जुलाई 2026 को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है. इसके बाद पूर्व मध्य रेलवे के लिए डिम्पी गर्ग और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लिए विवेक खरे के महाप्रबंधक बनने की घोषणा कर दी गयी.
आदेश के अनुसार, पैनल वर्ष 2026 के लिए भारतीय रेलवे के विभिन्न महत्वपूर्ण जोन में उच्च पदों पर अधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं. इन अधिकारियों को पे मैट्रिक्स के लेवल-16 के एक्स-कैडर पदों पर तैनात किया गया है. यह नियुक्तियां संबंधित पद पर रिक्ति की तिथि या उसके बाद कार्यभार संभालने की तिथि से, और अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी.
किन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
हाजीपुर (पूर्व मध्य रेलवे)
भारतीय रेलवे यांत्रिकीय सेवा (IRSME) 1990 बैच के अधिकारी श्री डिम्पी गर्ग को पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर का नया महाप्रबंधक (General Manager) नियुक्त किया गया है. इस पद पर रिक्ति 1 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी, जिसके बाद वह अपना कार्यभार संभालेंगे. गर्ग पहले दिल्ली मंडल (Northern Railway – Delhi Division) के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) समेत रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक (Executive Director) और अन्य महत्वपूर्ण मैकेनिकल कैडर पदों पर सेवा दे चुके हैं. गर्ग 1 सितम्बर से ECR महाप्रबंधक का पदभार संभालेंगे.
गुवाहाटी (पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे)
भारतीय रेलवे यांत्रिकीय सेवा (IRSME) 1989 बैच के अधिकारी श्री विवेक खरे को पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, गुवाहाटी का नया महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है. उनके पद पर रिक्ति की तिथि 1 नवंबर 2026 निर्धारित है. विवेक खरे वर्तमान में मॉडर्न कोच फैक्टरी (MCF), रायबरेली में Principal Chief Mechanical Engineer (PCME) के पद पर तैनात हैं. वह PCME पद के साथ-साथ उन्हें जनरल मैनेजर (GM), Modern Coach Factory (MCF) के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों/प्रभार (Administrative and Financial Powers) का दायित्व भी निभा रहे हैं. विवेक खरे 1 नवंबर से पदभार संभालेंगे.
मंत्रालयों और विभागों को दी गई सूचना
मंत्रालय द्वारा जारी इस आधिकारिक आदेश की प्रतियां आगे की आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं सीईओ सहित संबंधित विभागों और गार्ड फाइल को भेज दी गई हैं. नियुक्ति समिति की ओर से यह आदेश निदेशक (ACC) पल्लवी सिंह द्वारा जारी किया गया है.
इस प्रशासनिक फेरबदल को रेलवे के कामकाज को और अधिक सुचारू बनाने और महत्वपूर्ण जोनल कार्यालयों के नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. नए महाप्रबंधकों के कार्यभार संभालने के बाद दोनों रेलवे जोनों में विकास कार्यों और परिचालन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है.
- ECR जीएम की सार्थक पहल: रेलकर्मियों और आश्रितों से हर मंगलवार को करेंगे मुलाकात, समस्याओं का होगा समाधान - September 16, 2026
- Adra Division: सीबीआई के हत्थे चढ़ा घूसखोर Chief Health Inspector, मेडिकल लीव मंजूर करने के एवज में ली थी रिश्वत - September 15, 2026
- रेलवे अर्बन बैंक में रोजगार का बड़ा अवसर, शेयरधारकों और स्टाफ के आश्रितों के लिए ग्रुप ‘C’ के 35 पदों पर निकली भर्ती - September 15, 2026



















































































