TATANAGAR. दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रत्येक रेलवे मंडल में शहीद रेल कर्मचारियों की याद में शहीद मेमोरियल स्मारक का निर्माण करवाया जाए. उक्त आशय की मांग ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ दक्षिण पूर्व रेलवे के महासचिव कृष्ण मोहन प्रसाद ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन के टाटानगर आगमन के अवसर पर की है.
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन के टाटानगर आगमन पर ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा. इसमें दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रत्येक रेलवे मंडलों में ड्यूटी के दौरान एवं कोविड 19 कार्यकाल में नौकरी करते हुए दिवंगत रेल कर्मचारियों की याद में शहीद मेमोरियल स्मारक का निर्माण करवाने की मांग प्रमुखता से उठायी गयी है.
इसके अलावा प्रत्येक रेलवे कॉलोनी को मॉडल बनाने, वहां सुरक्षा, प्लेग्राउंड सहित गुणात्मक सुविधा प्रदान करने, टाटानगर के रेलवे लोको कॉलोनी जाने के मार्ग में बनी एलएचएस में पानी भराव की दैनिक समस्या के समाधान सहित विगत 10 वर्षों के अंदर चक्रधरपुर रेलवे मंडल में निर्मित समस्त एलएचएस का संरक्षा जांच करवाने, एलएचएस में पानी जमाव की समस्याओं का स्थाई समाधान करने, कराने की मांग की गयी.
संघ ने टाटानगर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने और खेल को प्रोत्साहन देने के लिए एक सुविधायुक्त प्ले ग्राउंड का निर्माण करवाने के अलावा टाटानगर रेलवे कॉलोनी में एक स्विमिंग पुल का निर्माण करवाने का भी प्रस्ताव जीएम को सौंपा है. ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ टाटानगर शाखा के प्रतिनिधि मंडल में शाखा सचिव मुद्रिका प्रसाद, जोनल ट्रेजर अर्जुन कुमार साहू, रनिंग शाखा के प्रतिनिधि गंगा प्रसाद ,उपेंद्र कुमार,रवि कुमार, संजीव कुमार,संतोष कुमार इत्यादि शामिल थे.



















































































