- कार्यालय अधीक्षक प्रणय कुमार दो माह में होने वाले हैं सेवानिवृत्त
PATNA. पूर्व मध्य रेलवे का दानापुर डिवीजनल कार्यालय में सोमवार की दोपहर तब अफरा-तफरी मच गयी जब DSTE कक्ष से फटे कपड़ों में हांफते और बड़बड़ाते कार्यालय अधीक्षक (OS) , प्रणय कुमार बाहर निकले. फटे कपड़े इस बात की गवाही दे रहे थे कि DSTE कक्ष के भीतर कुछ तो हुआ है. हालांकि बाद ओएस ने मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों को बताया कि DSTE रंजीत कुमार भास्कर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और हाथापाई के साथ उनकी पिटाई भी की है. उनकी पिटाई एक ठेकेदार के सामने की गयी है.
यहां यह बताना जरूरी है कि संकेत एवं दूरसंचार विभाग, दानापुर के कार्यालय अधीक्षक प्रणय कुमार दो माह बाद ही रिटायर होने वाले हैं. ऐसे में सवाल यह उठ खड़ा हुआ है कि आखिर क्या ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न हो गयी कि डिवीजन स्तर का एक बड़ा अधिकारी अपने ही ओएस की पिटाई जैसी हरकत करने पर उतर आया? आखिर कार्य व्यवहार में रेलवे के अफसरों में ऐसी उग्रता क्यों उत्पन्न हो रही है? कहा जा रहा है कि रंजीत कुमार भास्कर ओएस को अपने आफिस में बुलाकर संवेदक जितेन्द्र कुमार सिंह के सामने ही निविदा के वेरियेशन को लेकर पूछताछ कर रहे थे.
इस दौरान वेरियेशन के बिंदुओं को लेकर संवेदक के सामने ही उन्होंने ओएस पर अपशब्दों का प्रयोग किया. इसका विरोध ओएस प्रणय कुमार ने किया. इस बात पर दोनों में बहस शुरू हो गयी. इस दौरान डीएसटीई आक्राेश में आ गये और आपा खो दिया. इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई. हालांकि ओएस का फटे पकड़ों में कमरे से बाहर निकलना यह परिलक्षित करता है कि कक्ष में झड़प से अधिक कुछ हुआ है!
घटना के बाद डीएसटीई और ओएस दोनों विवाद पर कानूनी सलाह लेने की तैयारी में जुट गये है. अब तक इस मामले में दानापुर डीआरएम की ओर से कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया है अलबत्ता दानापुर मंडल के वरीय मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और वह इसकी जांच के बाद यथाचित कार्रवाई करेंगे ताकि कार्यालय में अनुशासन बना रहे. इस मामले में अब तक डीएसटीई का पक्ष सामने नहीं आया है.
रेलहंट का प्रयास है कि सच रेल प्रशासन के सामने आये. ऐसे में किसी को अपना पक्ष रखना है तो whatsapp 9905460502 पर भेज सकते है, पूरे सम्मान के साथ उसका संज्ञान लिया जायेगा.


















































































