CKP. हावड़ा–मुंबई मुख्य रेल मार्ग के बंडामुंडा रेलखंड में गुरुवार रात एक बड़ी दुर्घटना टल गई. बंडामुंडा के-कैबिन के निकट किलोमीटर संख्या 408/25 के पास नव निर्मित रेलवे ब्रिज के पास अचानक भू–स्खलन (स्लाइडिंग) होने से रेल प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया. शाम के समय रेलवे पेट्रोलिंग स्टाफ ने गश्त के दौरान भू-स्खलन होते देखा और तुरंत विभागीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही रेलवे इंजीनियरिंग विभाग और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. स्थिति गंभीर न हो, इसलिए तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया. निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार ने जेसीबी मशीन की मदद से भू-स्खलन वाले स्थान पर पूरी रात मिट्टी भरने का कार्य जारी रखा. लगभग पूरी रात चले राहत अभियान के बाद शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे स्थिति सामान्य घोषित की गई.
राहत कार्य के दौरान गुरुवार रात अप लाइन से गुजरने वाली ट्रेनों को राउरकेला स्टेशन की ओर दूसरे ट्रैक के माध्यम से डायवर्ट कर भेजा गया. साथ ही सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रेनों की गति को भी काफी धीमा कर दिया गया. ध्यान देने योग्य है कि इसी स्थान पर करीब छह महीने पहले, 27 मई को भी इसी तरह का भू–स्खलन हुआ था, जिसके बाद रेल अधिकारियों ने काफी मशक्कत कर स्थिति को नियंत्रित किया था. लगातार हो रहे भू-स्खलन ने फिर से सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं और इस क्षेत्र में स्थायी समाधान की आवश्यकता महसूस की जा रही है.
- मुरैना में ‘आग की अफवाह’ ने ली 4 की जान, उदयपुर इंटरसिटी से कूदे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए - June 14, 2026
- Sonpur Division : दस्तावेज सत्यापन के नाम पर हो रहा रेलकर्मियों का उत्पीड़न !, DRM से गुहार - June 11, 2026
- रेत से इंटरनेट तक 3500 वर्षों की ‘कांच-यात्रा’ और अमेरिका का अद्भुत ‘कॉर्निंग म्यूज़ियम ऑफ़ ग्लास’ - June 10, 2026
















































































