- वर्दी का रौब पड़ा भारी, स्टेशन मास्टर को केबिन से खींचकर प्लेटफॉर्म पर घसीटा, पीटा, बिना चेन पुलिंग महिला यात्री से 1000 रुपये वसूलने का आरोप
AGRA. सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली खाकी जब खुद गुंडागर्दी पर उतारू हो जाए, तो रक्षक ही भक्षक बन जाता है तो आम यात्रियों की क्या हालत होगी इसका ज्वलंत उदाहरण रविवार को आगरा कैंट (AGC) रेलवे स्टेशन पर नजर आया.
यहां रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने तमाम मर्यादा और कानून को तार-तार करते हुए स्टेशन परिसर में ऑन ड्यूटी उप मुख्य स्टेशन अधीक्षक (Dy. SS) को न सिर्फ पीटा बल्कि स्टेशन प्लेटफार्म पर सरेआम घसीटा.
सुने महिला यात्री ने क्या कहा
आरपीएफ पाेस्ट में ले जाकर भी बर्बरतापूर्वक मारपीट की गयी. इस घटना के बाद रेलवे के दो बड़े महकमों के बीच टकराव की स्थिति पैदा होने के बाद रेल प्रशासन ने दोषी दो एएसआई (ASI) समेत चार आरपीएफ जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
चलती ट्रेन रोकने पर भड़का आरपीएफ, मदद की जगह वसूली का खेल
घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर ट्रेन संख्या 20808 (अमृतसर-विशाखापत्तनम हीराकुंड एक्सप्रेस) खड़ी थी. ट्रेन अपने निर्धारित समय पर जैसे ही प्लेटफॉर्म से रवाना होने लगी, तभी एक महिला यात्री ने अपनी जान जोखिम में डालकर चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया.
इनडोर ड्यूटी पर मुस्तैद उप मुख्य स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर ने जैसे ही यह देखा, उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत ट्रेन के गार्ड को सूचित किया किसी बड़ी अनहोनी को रोकने के लिए गार्ड ने तुरंत ब्रेक लगाकर गाड़ी को रोक दिया. जिससे महिला सुरक्षित कोच के अंदर दाखिल हो सकी.
स्टेशन अधीक्षक ने तो इंसानियत और अपनी जिम्मेदारी निभाई, लेकिन वहां मौजूद आरपीएफ स्टाफ को यह नागवार गुजरा. आरोप है कि ट्रेन रुकते ही आरपीएफ कर्मी मौके पर पहुंचे और महिला यात्री को बिना किसी चेन पुलिंग के जबरन नीचे उतार लिया. इसके बाद खाकी का रौब दिखाते हुए वे महिला से कथित तौर पर ₹1000 की अवैध वसूली (उगाही) करने लगे.
स्टेशन मास्टर को दफ्तर से घसीटा, केबिन में घुसकर की बदतमीजी
जब उप मुख्य स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर ने बीच-बचाव करते हुए आरपीएफ कर्मियों के इस अनुचित व्यवहार का विरोध किया और बेकसूर यात्री का पक्ष लिया, तो आरपीएफ के जवान बुरी तरह भड़क गए. अपनी मर्यादा भूलकर स्टेशन अधीक्षक के केबिन में ही उनसे उलझ गए. बात इतनी बढ़ गई कि 5-6 जवान जबरन उनके चेंबर में घुसे, कॉलर पकड़कर घसीटते हुए प्लेटफॉर्म पर घसीटते हुए अपने पाेस्ट ले गये और उसकी जमकर पिटाई कर दी.
वीडियो फुटेज और यात्री के बयान से खुली पोल, 4 लोग सस्पेंड
स्टेशन परिसर में हुई इस गुंडागर्दी के बाद रेलवे कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया. इस पूरी घटना का वीडियो फुटेज सामने आने और पीड़ित महिला यात्री द्वारा आरपीएफ के खिलाफ बिना चेन पुलिंग के ₹1000 वसूलने का लिखित बयान दर्ज कराने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया. साक्ष्यों के आधार पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संलिप्त पाए गए निम्नलिखित 4 आरपीएफ कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है.
- मेघराज – एएसआई (ASI)
- बालकिशन – एएसआई (ASI)
- बदन सिंह – कॉन्स्टेबल (CT)
- जितेंद्र कुमार – कॉन्स्टेबल (CT)
इस कार्रवाई के बाद भी रेल कर्मचारियों की यूनियनों में गहरा रोष है. वे दोषी आरपीएफ जवानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई (FIR) की मांग कर रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर आरपीएफ के व्यवहार और आम यात्रियों व रेल स्टाफ के प्रति उनके नजरिए पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
वायरल वीडियो के अनुसार, आरपीएफ जवानों का आरोप था कि डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट ने उन्हें गाली दी थी, लेकिन आरपीएफ द्वारा सार्वजनिक रूप से अधिकारी को पीटने और घसीटने की इस हरकत की सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी निंदा कर रहे हैंं.
रेलवे ने गठित की जांच कमेटी
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शिवम शर्मा के मुताबिक, मामले की गहराई से जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है. इस कमेटी में असिस्टेंट ऑपरेशन्स मैनेजर, असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर (RPF) और असिस्टेंट डिविजनल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर शामिल हैं. उनकी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
- Agra Cantt स्टेशन पर खाकी को शर्मसार करने वाले RPF के दो ASI समेत चार लोग सस्पेंड, जांच कमेटी गठित - July 12, 2026
- TATANAGAR:शिव ही सेवा, राष्ट्र ही साधना, हर-हर महादेव के उदघोष के साथ रवाना हुआ अमरनाथ यात्रियों का जत्था - July 12, 2026
- Agra Cantt स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, RPF अधिकारी-जवानों ने डिप्टी एसएस को घसीटकर पीटा, वीडियो वायरल… - July 12, 2026





















































































