CHAKRADHARPUR. झारखंड में चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत टुनिया और मनोहरपुर रेलवे स्टेशनों के बीच गुरुवार को आरा से दुर्ग जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग के कारण आग लग गयी. चलती ट्रेन के पहियों में आग और धुआं देखकर यात्रियों में अफरा तफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए कोच से उतरकर इधर-उधर भागने लगे. खास बात यह है कि 35 किलोमीटर के फासले में ट्रेन में दो बार आग और धुंआ उठता देखा गया.
मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना टुनिया और गोईलकेरा स्टेशन के बीच हुई, जहां जनरल कोच के पहियों में ब्रेक बाइंडिंग के चलते आग लग गई. धुआं उठता देख चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी. इसके बाद रेलकर्मियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान कई यात्री डर के कारण कोच से बाहर निकल गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
हालात सामान्य होने के बाद ट्रेन को फिर से रवाना किया गया, लेकिन करीब 35 किलोमीटर के भीतर दूसरी बार मनोहरपुर स्टेशन पहुंचने से पहले एक अन्य जनरल बोगी में फिर से ब्रेक बाइंडिंग की समस्या उत्पन्न हो गई. पहियों में लगी आग से धुआं उठते ही एक बार फिर यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित कोच की ओर भागने लगे.
रेलवे कर्मियों ने दूसरी बार भी तत्परता दिखाते हुए ट्रेन रोक कर फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. हालांकि, बार बार हो रही इस तकनीकी खराबी ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ट्रेन की लेट लतीफी के साथ साथ भीषण गर्मी के बीच इस तरह की घटनाओं से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्था पर नाराजगी जताई और ट्रेनों के रखरखाव पर गंभीर सवाल उठाए हैं. आप तस्वीरों में भी देख सकते हैं कि कैसे रेल यात्री ब्रेक बाइंडिंग के बाद ट्रेन से उतरकर भाग रहे हैं.


















































































