- कोटा मंडल में यातायात प्रशिक्षु हैं 58 वर्षीय सत्य नारायण मालव
KOTA. जयपुर में आयोजित एयू अंतरराष्ट्रीय मैराथन, जयपुर में पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल के परिचालन विभाग में कार्यरत 58 वर्षीय यातायात प्रशिक्षु सत्य नारायण मालव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूर्ण मैराथन दूरी 42.195 किलोमीटर को 04 घंटे 26 मिनट 55 सेकंड में पूरा कर सम्मानजनक स्थान प्राप्त किया. इस उपलब्धि के माध्यम से उन्होंने न केवल रेलवे बल्कि कोटा शहर का नाम भी रोशन किया है.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक /जन सम्पर्क अधिकारी, कोटा साैरभ जैन के अनुसार गौरतलब है कि सत्य नारायण मालव कोविड-19 से पूर्व अचानक स्ट्रोक की चपेट में आ गए थे, जिसके चलते वे कुछ समय तक पैदल चलने और वाहन चलाने में भी असमर्थ हो गए थे. ऐसे कठिन दौर में बीमारी के विरुद्ध उनकी महीनों लंबी जंग उनके अदम्य साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है. निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के बल पर वे न केवल स्वस्थ हुए, बल्कि पुनः खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने लगे.
स्वस्थ होने के बाद सत्य नारायण मालव ने मैराथन, साइक्लिंग एवं योग को नियमित जीवन का हिस्सा बनाया. अब तक वे 48 हाफ मैराथन, 15 पूर्ण मैराथन, जैसलमेर से लोंगेवाला के मध्य आयोजित बॉर्डर द हेल रेस में 50 किलोमीटर एवं 100 किलोमीटर की अल्ट्रा रेस में लगातार तीसरी बार भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं. अनेक अवसरों पर वे इन प्रतियोगिताओं में पोडियम फिनिशर भी रहे हैं.
एक कुशल रेलकर्मी होने के साथ-साथ सत्य नारायण मालव एक समर्पित धावक, साइक्लिस्ट, तैराक एवं योग साधक भी हैं. वे नियमित रूप से प्राणायाम करते हैं और अपने अनुभवों के माध्यम से कई लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते रहे हैं. जयपुर अंतरराष्ट्रीय मैराथन में उनका प्रदर्शन निस्संदेह अनुकरणीय और प्रेरणादायक है. जयपुर से कोटा पहुंचने पर सत्य नारायण मालव का रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अभिनंदन किया गया तथा उनकी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी गईं.















































































