पलामू. जिले के जपला में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेल संपत्ति की चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने विश्रामपुर स्थित एक कबाड़ दुकान और नौकाडीह-दरुआ गांव में ताबड़तोड़ छापेमारी कर करीब 1,020 किलोग्राम लोहा और 26 किलोग्राम तांबा जब्त किया है. बरामद किए गए कुल मेटल की अनुमानित कीमत लगभग 51,400 रुपये बताई जा रही है.
ट्विटर और रेल मदद से मिला था सुराग
आरपीएफ जपला के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार झा के अनुसार, 26 अगस्त को ‘रेल मदद’ ऐप और ट्विटर (X) के जरिए सिगसिगी स्टेशन के पास से रेलवे का लोहा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी. मामले के सत्यापन के बाद आरपीएफ, अपराध आसूचना शाखा (गया) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने विश्रामपुर में प्रभु साव की कबाड़ दुकान पर धावा बोला.
कबाड़ दुकान से गिरफ्तार हुआ अनिल
कबाड़ दुकान से आरपीएफ ने हरिजन मोहल्ला (जपला) निवासी अनिल कुमार को दबोचा. तलाशी के दौरान दुकान से मालगाड़ी के वैगन की मरम्मत में इस्तेमाल होने वाली लोहे की चादरें, वैगन के दरवाजे और ओएचई मास्ट के टुकड़े (कुल 520 किलो) बरामद किए गए. साथ ही रेलवे के ऑक्जिलरी ट्रांसफॉर्मर से चुराया गया 26 किलो तांबा भी जब्त हुआ.
दूसरे ठिकाने से मिला आधा टन लोहा
अनिल कुमार से पूछताछ के बाद टीम ने नौकाडीह-दरुआ गांव में अरुण चौधरी के आवास पर छापेमारी की. वहां से मुकुलेश चौधरी को गिरफ्तार किया गया. मकान के आंगन से रेलवे के चादरनुमा लोहे के 23 टुकड़े (वजन करीब 500 किलो) मिले. मुकुलेश ने कबूला कि वह मालगाड़ियों से लोहा चुराकर कबाड़ दुकान में बेचता था.
आरपीएफ थाने में एफआईआर दर्ज
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जपला आरपीएफ पोस्ट लाया गया. आरोपियों के खिलाफ 27 अगस्त 2026 को कांड संख्या 01/26 दर्ज कर धारा 3 आरपी (यू.पी.) एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
- पलामू में रेल संपत्ति चुराने वाले गैंग का भंडाफोड़, RPF ने जपला से दबोचे दो आरोपी, 1,020 किलो लोहा-तांबा बरामद - August 29, 2026
- मंगला एक्सप्रेस फूड पॉइजनिंग, चंद रुपयों का जुर्माना यात्रियों की जान पर भारी, कब सुधरेगी IRCTC की व्यवस्था ! - August 29, 2026
- ट्रेनों में ‘लल्लू’ का कमाल! पर्स चुराकर ऐश करने वाला अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, 7 राज्यों में चोरी की FIR - August 27, 2026




















































































